Arun Govil on Dashrath: 'रामायण' में राजा दशरथ बनने से क्यों हिचकिचा रहे थे अरुण गोविल? खुद किया बड़ा खुलासा

अग्रणी अभिनेता अरुण गोविल ने खुलासा किया कि रामानंद सागर की ऐतिहासिक 'रामायण' के बाद, वे नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की फिल्म 'रामायण' का हिस्सा नहीं बनना चाहते थे। वे लगातार इस प्रोजेक्ट में काम करने से इनकार करते रहे, लेकिन निर्माताओं ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।

Arun Govil on Dashrath: 'रामायण' में राजा दशरथ बनने से क्यों हिचकिचा रहे थे अरुण गोविल? खुद किया बड़ा खुलासा | Image: Instagram

भारतीय टेलीविजन इतिहास में रामानंद सागर की 'रामायण' और उसमें भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल का नाम एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। दशकों बाद एक बार फिर अरुण गोविल बड़े पर्दे पर नितेश तिवारी की महाकाव्य फिल्म 'रामायण' में नजर आए हैं। इस बार वे भगवान राम नहीं, बल्कि उनके पिता राजा दशरथ की भूमिका में दिखे। अपनी सादगी और जीवंत अभिनय से उन्होंने एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया है। टीवी पर 'राम' बनने से लेकर सिनेमा में 'राजा दशरथ' तक का यह सफर उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।

कैसे राजा दशरथ के रोल के लिए राजी हुए अरुण गोविल?

अरुण गोविल का राजा दशरथ बनना इतना आसान नहीं था। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वे शुरुआत में इस किरदार को निभाने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं थे।

अरुण गोविल ने कहा, 'अगर मुझे लगता कि यह किरदार सही नहीं है, तो मैं इसे कभी नहीं करता। सच कहूं तो शुरुआत में मैं यह रोल नहीं करना चाहता था।' उन्होंने आगे बताया कि निर्देशक नितेश तिवारी इस बात पर पूरी तरह अड़े हुए थे कि अरुण गोविल ही यह रोल निभाएं। नितेश तिवारी चाहते थे कि रामानंद सागर की पौराणिक 'रामायण' और आज की आधुनिक 'रामायण' के बीच एक मजबूत भावनात्मक जुड़ाव बना रहे। निर्देशक के बार-बार आग्रह और विजन को देखने के बाद ही अरुण गोविल इस आइकॉनिक रोल के लिए राजी हुए।

रणबीर कपूर के 'राम' अवतार पर क्या बोले अरुण गोविल?

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं। जहां एक तरफ रणबीर की एक्टिंग की तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी तरफ कई दर्शक उनकी तुलना अरुण गोविल के पौराणिक राम के रूप से कर रहे हैं।

इस तुलना पर अपनी बात रखते हुए अरुण गोविल ने कहा कि भगवान राम के रूप में उनकी परफॉर्मेंस लोगों के दिमाग में एक पैमाना बन चुकी है। वे बताते हैं, 'मेरी वह इमेज आज भी लोगों के दिलों-दिमाग में जिंदा है। लोग किसी दूसरे एक्टर को राम के रूप में स्वीकार करने में थोड़ा समय लेते हैं। आज भी उत्तर और मध्य भारत के मेलों में बिकने वाली भगवान राम की तस्वीरों पर मेरा चेहरा होता है। इसलिए किसी दूसरे एक्टर के राम के किरदार पर टिप्पणी करना मेरे लिए सही नहीं होगा।'

ये भी पढ़ें - चावड़ी बाजार हादसे को लेकर दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये अनुग्रह राशि

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 10 November 2026 at 21:01 IST