चावड़ी बाजार हादसे को लेकर दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये अनुग्रह राशि

पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह जाने से हादसा हो गया। अनधिकृत निर्माण के कारण ढही इस इमारत का इलाका बेहद संकरा होने की वजह से बचाव दल और एमसीडी कर्मियों को पैदल पहुंचकर मैन्युअल रूप से मलबा हटाना पड़ा।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
चावड़ी बाजार हादसे को लेकर दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये अनुग्रह राशि
चावड़ी बाजार हादसे को लेकर दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये अनुग्रह राशि | Image: ANI

पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अजमेरी गेट के पास गली शीश महल गली शेहतारा में एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे हुए इस हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।

10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि

घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिवारों की मदद का भरोसा दिलाया है। सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और इस संकट की घड़ी में उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

3 आरोपी ठेकेदार गिरफ्तार, धारा 105 के तहत मामला दर्ज

इमारत ढहने के इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिराज, ताजुद्दीन और फुरकान के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फरीदाबाद जिले (तहसील दाउज, गांव सिरोही) के निवासी हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर बिना अनुमति (अनधिकृत) निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसकी वजह से यह पूरी संरचना ढह गई।

प्रशासनिक लापरवाही पर गिरी गाज

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रशासनिक स्तर पर भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने क्षेत्र के सहायक अभियंता (AE) और कनिष्ठ अभियंता (JE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही दोषी ठेकेदारों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Advertisement

संकरी गलियां बनीं बचाव अभियान में रोड़ा

चावड़ी बाजार का यह इलाका बेहद घनी आबादी वाला और संकरा है। जिस गली में यह इमारत स्थित थी, वह महज तीन फीट चौड़ी एक डेड-एंड लेन है। संकरी जगह होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। संकरी गली की वजह से फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और भारी मशीनें मौके तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद बचाव दल, चिकित्सा कर्मियों और 30 से अधिक एमसीडी जोनल मजदूरों को पैदल ही घटनास्थल तक जाना पड़ा। टीम ने कॉम्पैक्ट उपकरणों और मैन्युअल तरीके से मलबा हटाकर बचाव कार्य को अंजाम दिया।

ये भी पढ़ें - Chhath Puja 2026: बिहार में छठ की कैसी है तैयारी? सम्राट चौधरी और नितिन नवीन ने की समीक्षा, CM बोले- 103 में से 90 घाट पूरी तरह सुरक्षित

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड