‘मां आपसे जल्द मिलूंगा’; अर्जुन कपूर का इमोशनल पोस्ट देख टूटा फैंस का दिल, लिखा- किसी को इतना भी तंग मत करो…
Arjun Kapoor: अर्जुन कपूर के लिए पिछले कुछ महीने बहुत मुश्किल भरे रहे हैं। अब उन्होंने अपनी मां की जन्मतिथि पर उन्हें याद करते हुए एक इमोशनल पोस्ट किया है जो काफी वायरल हो रहा है।
Arjun Kapoor: बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर के लिए पिछले कुछ महीने बहुत मुश्किल भरे रहे हैं। ‘गुंडे’ फेम एक्टर को सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल किया जाता रहा है। कभी उनकी एक्टिंग को लेकर लोगों ने निशाना बनाया तो कभी उनकी फ्लॉप फिल्मों को लेकर, ऐसे में अर्जुन कपूर ने एक पोस्ट किया है जिसमें वो अपना दर्द साझा करते नजर आ रहे हैं।
अर्जुन कपूर ने अपनी दिवंगत मां मोना शौरी कपूर की जन्मतिथि पर उन्हें याद करते हुए एक इमोशनल पोस्ट किया है जो काफी वायरल हो रहा है। वो इस पोस्ट में ये भी लिखते हैं कि कैसे उनके लिए जिंदगी थोड़ी मुश्किल रही है लेकिन वो हिम्मत नहीं हारेंगे।
अर्जुन कपूर ने मां के लिए लिखा भावुक पोस्ट
अर्जुन अपनी मां को कितना मिस करते हैं, ये तो भी जानते हैं। इस बार भी उनकी जन्मतिथि पर एक्टर ने उन्हें याद किया है। हालांकि, इस बार ‘पानीपत’ एक्टर का पोस्ट किसी और वजह से चर्चा में आ गया है। जी हां, इस पोस्ट में अर्जुन कपूर ने वो दर्द साझा किया है जिसे वो पिछले कुछ दिनों से अपने दिल में छुपाए बैठे थे। उन्होंने सोचा होगा कि शायद ये वक्त के साथ कम हो जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने अपने पोस्ट में खुलकर तो कुछ नहीं लिखा लेकिन सोशल मीडिया नेटिजंस का ऐसा मानना है कि ऐसा उन्होंने ट्रोलिंग से परेशान होकर लिखा है। यही कारण है कि कमेंट सेक्शन में लोग उनसे माफी मांग रहे हैं और लिख रहे हैं कि इंसानियत के नाते, अब अर्जुन कपूर की ट्रोलिंग बंद हो जानी चाहिए।
अर्जुन कपूर से ट्रोल्स मांग रहे माफी
अर्जुन कपूर ने कैप्शन में लिखा- “हैप्पी बर्थडे मां, आज आपकी बहुत याद आ रही है। कुछ समय से जिंदगी मेरे लिए थोड़ी मुश्किल रही है, पर कोई बात नहीं... मैंने पहले भी मुश्किलों का सामना किया है, आगे भी करूंगा और उठ खड़ा होऊंगा क्योंकि आपने मुझे सिखाया है कि जिंदगी का डटकर सामना कैसे करते हैं और हर परिस्थिति में गरिमा और शालीनता बनाए रखते हुए कैसे लड़ा जाता है”।
उन्होंने आगे लिखा- “हम साथ मिलकर इस मुश्किल का सामना करेंगे, आप और मैं। जल्द ही आपसे फिर मिलूंगा और हम एक दिन साथ में आपका बर्थडे मनाएंगे...आपका प्यारा बेटा अर्जुन”।
ये पोस्ट देखकर उन्हें ट्रोल करने वालों का भी दिल पिघल गया है। कमेंट सेक्शन के जरिए वो लिख रहे हैं कि कैसे अब वो दोबारा अर्जुन या किसी और को ट्रोल नहीं करेंगे। वही फैंस का कहना है कि किसी को इतना भी तंग नहीं करना चाहिए, आखिरकार सामने वाला भी तो एक इंसान है। कल तक जो ट्रोल्स अर्जुन कपूर का मजाक उड़ा रहे थे, अब वही सोशल मीडिया के जरिए उनसे माफी मांग रहे हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 5 February 2026 at 07:49 IST