बेटे संग चिल कर रहे थे अनुपम खेर, तभी गाल पर सिकंदर ने मारा जोरदार थप्पड़, हैरान एक्टर का रिएक्शन हुआ वायरल
Anupam Kher Son: बॉलीवुड एक्टर सिकंदर खेर आए दिन अपने पिता और मशहूर एक्टर अनुपम खेर के साथ मस्ती भरे वीडियो शेयर करते रहते हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Anupam Kher Son: बॉलीवुड एक्टर सिकंदर खेर आए दिन अपने पिता और मशहूर एक्टर अनुपम खेर के साथ मस्ती भरे वीडियो शेयर करते रहते हैं। फैंस को बाप-बेटे की बॉन्डिंग काफी पसंद आती है। इसी कड़ी में, सिकंदर ने एक लेटेस्ट वीडियो शेयर किया है जिसमें वो अनुपम खेर को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं।
जी हां, इस वीडियो में अनुपम खेर को उनके बेटे सिकंदर ने जोरदार थप्पड़ मार दिया है। उन्हें ऐसा करते देख ना केवल सीनियर एक्टर, बल्कि सोशल मीडिया नेटिजंस भी हैरान रह गए हैं। सिकंदर ने ऐसा क्यों किया, चलिए जान लेते हैं।
अनुपम खेर को बेटे सिकंदर ने मारा चांटा
वीडियो में सिकंदर बता रहे हैं कि उनके पिता अनुपम खेर ने अभी अपना दांत निकलवाया है जिसकी वजह से उनके गाल का एक हिस्सा सुन्न हो गया है। तभी सिकंदर मजाक करते हुए कहते हैं कि ‘क्या आज तक किसी शख्स ने अपने बाप को उल्टे हाथ का थप्पड़ मारा है’। इतने में अनुपम पूछते हैं कि ‘तू क्या करने वाला है’। फिर उन्होंने बेटे से कहा- ‘ज्यादा जोर से लगा ना तो मैं एक उल्टे हाथ का मारूंगा तुझे, तेरी नाक तोड़ दूंगा’। इतने में सिकंदर उनके गाल पर मजाक में मार देते हैं।
बेटे के चांटे से अनुपम हैरान रह जाते हैं और कहते हैं- 'पहली बार मुझे किसी ने थप्पड़ मारा है। अब इस थप्पड़ की गूंज सुनाई देगी तुम्हें सिकंदर। तुम्हारा ये थप्पड़ मुझे भूलेगा नहीं'। उन्हें ऐसे देख सिकंदर पूछते हैं कि अब क्या करोगे आप। वो अपने पिता को दोबारा मारने की कोशिश करते हैं। तभी अनुपम खेर ने दिवंगत स्टार दिलीप कुमार के साथ अपनी एक फिल्म का एक डायलॉग दोहराया। थोड़ी देर बाद जब सिकंदर ने उन्हें दोबारा मारने की कोशिश की तो अनुपम ने उनका हाथ पकड़ लिया और उन्हें ऐसा करने से रोकने लगे। फिर सिकंदर ने प्यार से अपने पिता के गाल को छुआ। अनुपम ने कहा कि वो ये वीडियो पोस्ट ना करें क्योंकि ये उनके आपस की बात है। फिर भी उनके बेटे ने वीडियो अपलोड कर दिया।
अनुपम खेर-सिकंदर के वीडियो पर मिक्स्ड रिएक्शन
अब अनुपम खेर और सिकंदर के वीडियो पर लोग मिले-जुले रिएक्शन दे रहे हैं। जहां बहुत से फैंस ने हंसने वाली इमोजी के जरिए रिएक्ट किया है तो कुछ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। एक ने लिखा- मस्ती अपनी जगह है लेकिन मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए। तो दूसरा लिखता है- मजाक में भी अपने पिता पर हाथ नहीं उठाना चाहिए। हालांकि, बहुत से लोग इस वीडियो को मजाक में ही ले रहे हैं और उन दोनों की बॉन्डिंग को सराह रहे हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 22 January 2026 at 11:02 IST