स्पॉटलाइट से दूर, मुश्किलों से जंग...पद्म भूषण पाकर अलका याग्निक क्यों हुईं भावुक? नोट लिखकर बयां किया दर्द
90 के दशक की मशहूर और सुरीली प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक को मंगलवार को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से नवाजा गया है। यह पल उनके और उनके फैंस के लिए बेहद गर्व और भावुक करने वाला है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
मशहूर प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक इन दिनों अपनी सेहत को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। इसी बीच, देश के प्रतिष्ठित 'पद्य भूषण' सम्मान से नवाजे जाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। अलका ने न सिर्फ इस बड़े सम्मान के लिए आभार जताया, बल्कि अपनी सेहत से जुड़ी मुश्किलों पर भी खुलकर बात की। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अलका याग्निक को पद्म भूषण अवार्ड से सम्मानित किया।
सुरक्षाकर्मियों की मदद से चलीं अलका, फैंस हुए चिंतित
समारोह के दौरान जब अलका याग्निक अवॉर्ड लेने मंच की तरफ बढ़ीं, तो उन्हें चलने-फिरने के लिए सुरक्षाकर्मियों और वहां मौजूद इवेंट स्टाफ की मदद लेनी पड़ी। सिंगर की यह हालत देख वहां मौजूद लोग और सोशल मीडिया पर उनके फैंस बेहद चिंतित हो गए। इसी चिंता को दूर करते हुए अलका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक नोट लिखा।
दो साल से खुद को पब्लिक लाइफ से रखा दूर
अपनी सेहत का अपडेट देते हुए अलका ने लिखा कि 'पिछले दो साल से मैं पब्लिक लाइफ से और अपने इस सफर के बारे में ज्यादा बातें शेयर करने से दूरी बनाई हुई हूं। आप में से कई लोग जानते थे कि मेरी तबीयत ठीक नहीं है। इस मुश्किल दौर में भी आपका प्यार, आपकी दुआएं, मैसेज और सपोर्ट हर कदम पर मेरे साथ रहे हैं।'
'भले ही नाम मेरा है, पर यह अवॉर्ड आपका है...'
पद्म भूषण सम्मान मिलने की खुशी जाहिर करते हुए अलका ने अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा कि आज जब वह देश का यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान लेने बाहर निकलीं, तो उनका दिल कृतज्ञता से भरा हुआ था। उन्होंने कहा, 'यह सम्मान बेहद खास है। भले ही इस पर मेरा नाम लिखा है, लेकिन यह उतना ही मेरे हर उस सुनने वाले का है जिसने मेरी आवाज को प्यार दिया और मुश्किल वक्त में मेरा साथ निभाया। मैं धीरे-धीरे ठीक होने की कोशिश कर रही हूं। आज मैं यहां न सिर्फ अपने लिए, बल्कि आप सभी के लिए आना चाहती थी।'
सुरीली आवाज का बेमिसाल सफर
अपनी जादुई आवाज से दशकों तक दिलों पर राज करने वाली अलका याग्निक ने कई भारतीय भाषाओं में एक से बढ़कर एक सुपरहिट गाने दिए हैं। उनके गानों में 'खलनायक' का 'चोली के पीछे', 'धड़कन' का 'दिल ने यह कहा है दिल से', 'हम तुम' का 'हम तुम', 'हम हैं राही प्यार के' का 'घूंघट की आड़ से', जैसे यादगार ट्रैक शामिल हैं। अलका याग्निक के इस पोस्ट के बाद दुनिया भर से उनके फैंस और बॉलीवुड हस्तियां उनके जल्द ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 24 June 2026 at 11:22 IST