अपडेटेड 23 November 2024 at 17:24 IST
'सेंचुरी से 11 कदम दूर राहुल गांधी, फिर भी...', महाराष्ट्र में बड़ी हार पर कपिल मिश्रा का तीखा वार
महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों को लेकर कपिल मिश्रा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल चुनाव में हार की सेंचुरी लगाने से 11 कदम दूर हैं।
Kapil Mishra on Maharashtra Election 2024 Result: महाराष्ट्र की जनता का फैसला आ गया है। एक बार फिर महायुति की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ वापसी के लिए तैयार है। वहीं, महाविकास अघाड़ी गठबंधन की चुनाव में बड़ी हार होती दिख रही है। महाराष्ट्र में NDA की आंधी में MVA गठबंधन उड़ गया। पूरा का पूरा गठबंधन केवल 50 सीटों के आसपास सिमटता दिख रहा है।
महाराष्ट्र चुनाव के इन नतीजों को लेकर BJP नेता कपिल मिश्रा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल चुनाव में हार की सेंचुरी लगाने से 11 कदम दूर हैं।
कपिल मिश्रा ने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी की हार पर मजे लिए। उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए कहा, "राहुल गांधी सेंचुरी लगाने से सिर्फ ग्यारह कदम दूर...89 चुनाव हार कर अभी पिच पर पड़े हुए हैं।"
बड़ी जीत की ओर महायुति
जान लें कि महाराष्ट्र के 288 सीटों पर एक ही चरण में हुए चुनाव की आज यानी 23 नवंबर को काउंटिंग हो रही है। तमाम एग्जिट पोल इस बार महाराष्ट्र में NDA की जीत का दावा कर रहे थे। हालांकि जितनी बड़ी जीत BJP को महाराष्ट्र में इस बार मिलती दिख रही है, उसका अनुमान किसी को नहीं था।
महायुति गठबंधन (BJP, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की NCP) के पाले में इस बार 200 से ज्यादा सीटों पर जीतता दिख रहा है। वहीं, महाविकास अघाड़ी गठबंधन 50 के आसपास सीटों पर ही सिमट रहा है।
ताजा अपडेट के मुताबिक BJP ने 22 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 108 सीटों पर आगे चल रही है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना 14 सीटें जीत चुकी हैं और 40 सीटों पर आगे है। अजित पवार की NCP के खाते में अबतक 13 सीटें आई है। पार्टी फिलहाल 28 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
MVA का बुरा हाल
बात MVA की करें तो गठबंधन का हिस्सा उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अबतक केवल 2 ही सीटों पर जीत हासिल की है और फिलहाल 19 सीटों पर पार्टी आगे चल रही है। शरद पवार की पार्टी का भी बुरा हाल है। उसने 4 सीटें जीती और 7 पर बढ़त हासिल की है। कांग्रेस को भी अबतक सिर्फ 2 सीटों पर जीत मिली है। पार्टी 16 सीटों पर फिलहाल आगे चल रही है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 23 November 2024 at 17:24 IST