'राहुल को पालघर के साधुओं का श्राप ले डूबा', महाराष्ट्र में करारी हार पर आचार्य प्रमोद कृष्णम का तंज
महाराष्ट्र में MVA के खराब प्रदर्शन पर आचार्य ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पालघर के साधुओं का श्राप ले डूबा।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Acharya Pramod Krishnam on Election Result: महाराष्ट्र-झारखंड दोनों राज्यों में जनता का फैसला सामने आ गया। दोनों ही राज्यों में एकतरफा लहर देखने को मिली। महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन बड़ी और ऐतिहासिक जीत की ओर है। महायुति गठबंधन इस बार महाराष्ट्र में डबल सेंचुरी लगाता नजर आ रहा है।
वहीं, महा विकास अघाड़ी गठबंधन के लिए महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे बड़ा झटका लेकर आए है। MVA अलायंस की तीनों पार्टियां 54 के आसपास सीटों पर सिमटती नजर आ रही है।
आचार्य ने कसा कांग्रेस पर तंज
महाराष्ट्र चुनाव में महायुति की बड़ी जीत और MVA के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर BJP हमलावर हो गई है। वहीं, पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी करारी हार को लेकर पार्टी पर तंज कसा। आचार्य ने कहा कि राहुल को पालघर के साधुओं का श्राप कांग्रेस को ले डूबा।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने महाराष्ट्र चुनाव नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर कई पोस्ट किए। एक पोस्ट में उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र को MVA का बे-मेल और बे-ताल मेल “निकाह” कुबूल नहीं।"
Advertisement
दूसरी पोस्ट में आचार्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा वार किया। उन्होंने लिखा, "महाराष्ट्र ने तो “विपक्ष” के नेता बनने लायक भी नहीं छोड़ा। राहुल गांधी जी, पालघर के “साधुओं” का “श्राप” ले डूबा।"
ऐतिहासिक जीत की ओर महायुति
गौरतलब है कि जिस तरह से लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र के अंदर BJP को बड़ा नुकसान हुआ था। उसके बाद अब विधानसभा चुनाव में पार्टी बेहद ही शानदार प्रदर्शन की ओर अग्रसर है।
Advertisement
लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक BJP ने 22 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 108 सीटों पर आगे चल रही है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना 14 सीटें जीत चुकी हैं और 40 सीटों पर आगे है। अजित पवार की NCP के खाते में अबतक 13 सीटें आई है। पार्टी फिलहाल 28 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
बात MVA की करें तो गठबंधन का हिस्सा उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अबतक केवल 2 ही सीटों पर जीत हासिल की है और फिलहाल 19 सीटों पर पार्टी आगे चल रही है। शरद पवार की पार्टी का भी बुरा हाल है। उसने 4 सीटें जीती और 7 पर बढ़त हासिल की है। कांग्रेस को भी अबतक सिर्फ 2 सीटों पर जीत मिली है। पार्टी 16 सीटों पर फिलहाल आगे चल रही है।
बता दें कि महाराष्ट्र की 288 सीटों पर हुए चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 145 है, जिससे महायुति बहुत आगे निकल गई। ऐसे में गठबंधन की फिर महाराष्ट्र की सत्ता में वापसी होने जा रही है।