अपडेटेड 21 April 2024 at 18:17 IST
'पाकिस्तान को घुसकर मारेगी हमारी सेना, अगर गलती से भी...', रैली में CM योगी बोले- ये नया भारत है
छत्तीसगढ़ के कोरबा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस के खिलाफ हुंकार भरी तो पीएम मोदी की उपलब्धियां गिनाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए रविवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे। यहां कोरबा और बिलासपुर में चुनावी रैली में CM योगी ने विपक्ष के खिलाफ हुंकार भरी तो प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियां को भी गिनाई। सीएम योगी ने कहा PM मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में भारत बदल गया है और दुनिया में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। ये नया भारत है जहां विकास की बात होती।
कोरबा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, कांग्रेस युवाओं के भविष्य के साथ खेलती है और समाज को विभाजित करने का काम करती है। वह कुछ नहीं कर पाते तो मोदी को गाली देते हैं। लेकिन पूरा देश मोदी जी का परिवार है। वह देश के 140 करोड़ लोगों की सेवा के लिए काम कर रहे हैं। पीएम मोदी देश के विकास के लिए दिन रात काम रहे हैं।
पाकिस्तान को घुसकर मारेगी हमारी सेना-सीएम योगी
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, कांग्रेस की सरकार के समय लोग भूख से मरते थे। किसान आत्महत्या करता था, नौजवान पलायन करता था, बेटी और व्यापारी असुरक्षित थे,देश के अंदर आतंकवादी कहीं भी घुसपैठ करके विस्फोट कर देते थे। लेकिन आज तो यह स्थिति है कि कहीं पटाखा भी तेज से फटता है तो पाकिस्तान पहले ही सफाई दे देता है कि हमारा हाथ नहीं है। उसे मालूम है कि यह नया भारत है। कहीं गलती से भी पाकिस्तान का हाथ सामने आया भारतीय सेना घुसकर मारेगी और उसे जवाब देते नहीं बनेगा।
योगी ने गिनाया मोदी की उपलब्धियां
पीएम मोदी के कार्यकाल में विकास के कार्यों पर चर्चा करते हुए सीएम योगी ने कहा, जहां भारत अपने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रहा है, वहीं पड़ोसी पाकिस्तान में 23 करोड़ लोग भूख से लड़ रहे हैं कांग्रेस नक्सलवाद के साथ समझौता करता रहा है। यह किसी से छिपा नहीं है। युवाओं के हाथ में टेबलेट और रोजगार होना चाहिए था लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने उनके हाथों में तमंचा थमा दिया। मगर मोदी जी वापस युवाओं को मुख्यधारा में ला रहे हैं उन्हें रोजगार दे रहे हैं।
कांग्रेस पर बरसे CM योगी
वहीं, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "यहां के कण-कण में श्रीराम हैं और कांग्रेस के लोग कहते हैं कि 'राम हुए ही नहीं'। जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ तो वे कहते हैं कि 'राम तो सबके हैं'। यह कांग्रेस का दोहरा चरित्र है। जब देश आजाद हुआ और कांग्रेस के हाथ में सत्ता आई तो उन्होंने देश को समृद्ध बनाने की बजाय इसे अव्यवस्था, अराजकता, आतंकवाद, जातिवाद, भाषावाद, भ्रष्टाचार की ओर धकेल दिया।
हम जो कहते हैं वो करते हैं CM योगी
योगी ने आगे कहा, अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 500 वर्षों का इंतजार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण समाप्त हुआ। मोदी जी ने कहा है इस देश को दुनिया की एक बड़ी ताकत बनाना है। विकसित भारत बनाना है। आत्मनिर्भर भारत बनाना है जहां हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे। बेटी हो या व्यापारी इन सब को सुरक्षा की पूरी गारंटी केवल भाजपा दे सकती है। केवल भाजपा आपकी आस्था का सम्मान कर सकती है।
यह भी पढ़ें: सिर फूटे, कुर्सियां चली; रांची में खुल गई विपक्षी एकता की पोल, भिड़ गए RJD और कांग्रेस कार्यकर्ता
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 21 April 2024 at 18:15 IST