जब तक मैं जिंदा हूं मुसलमानों को धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं देने दूंगा: प्रधानमंत्री मोदी

PM नरेन्द्र मोदी कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि जब तक वह जीवित हैं दलितों, आदिवासियों और ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को धर्म के आधार पर नहीं देने देंगे।

Won't Let Quota for SCs, STs, OBCs Be Given to Muslims in Name of Religion: PM in Telangana | Image: PTI

LoK Sabha Election: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि जब तक वह जीवित हैं दलितों, आदिवासियों और ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को धर्म के आधार पर नहीं देने देंगे।

तेलंगाना के मेडक जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने भरोसा जताया कि वह (केंद्र में) अपने तीसरे कार्यकाल में, संविधान के 75 वर्ष का उत्सव व्यापक स्तर पर मनाएंगे।

'जब तक मोदी जिंदा है, मैं दलितों, आदिवासियों और ओबीसी...'

उन्होंने कहा, ‘‘जब तक मोदी जिंदा है, मैं दलितों, आदिवासियों और ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) का आरक्षण मुसलमानों को धर्म के आधार पर नहीं देने दूंगा।’’

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि ‘‘डबल आर (आरआर) टैक्स’’ के जरिये एकत्र किया जा रहा धन दिल्ली भेजा जा रहा है। उन्होंने तेलुगु की सुपरहिट फिल्म ‘आरआरआर’ का संदर्भ देते हुए यह कहा, जिसने देश-विदेश में सराहना बटोरी थी।

UPA सरकार के तहत नीतिगत पंगुता थी- पीएम मोदी

कांग्रेस के (केंद्र की) सत्ता में आने पर 55 प्रतिशत विरासत कर लगाने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि जब पूरा विश्व आर्थिक रूप से प्रगति कर रहा था, भारत पूर्ववर्ती संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सरकार के तहत नीतिगत पंगुता से ग्रसित था।

उन्होंने दावा किया, ‘‘यदि कांग्रेस (केंद्र की) सत्ता में आ गई तो वे विरासत कर लगाएंगे और माता-पिता की मृत्यु के बाद संतान को मिलने वाली आधी से अधिक, 55 प्रतिशत संपत्ति ले लेंगे।’’

कांग्रेस के पांच राजनीतिक सिद्धांत रहे-  पीएम मोदी

मोदी ने कहा कि जब भी कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही, उसके पांच राजनीतिक सिद्धांत रहे हैं--झूठे वादे, वोट बैंक की राजनीति, माफिया एवं अपराधियों का समर्थन करना, परिवारवादी राजनीति और भ्रष्टाचार।उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) ने तेलंगाना को लूटा और अब यह काम कांग्रेस कर रही है।

इसे भी पढ़ें: BREAKING: गुरुग्राम से राज बब्बर तो कांगड़ा से आनंद शर्मा को टिकट,कांग्रेस की नई लिस्ट में कौन-कौन?

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 30 April 2024 at 20:56 IST