अपडेटेड 14 March 2024 at 17:15 IST
'मैं नाराज नहीं हूं, लेकिन हमें भी...' संजय निषाद ने रिपब्लिक को बताया क्या है BJP से उनकी अपनी मांग
UP Politics : संजय निषाद ने कहा की उनके बेटे को BJP के सिम्बल पर संत कबीरनगर की सीट मिली है। कार्यकर्ता चाहते है की निषाद पार्टी के सिम्बल पर चुनाव लड़ा जाए।
Lok Sabha Election 2024 UP : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी कर चुकी है। NDA की सहयोगी और यूपी मंत्रिमंडल में शामिल निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद को लेकर खबर है कि वो लोकसभा सीट बंटवारे को लेकर बीजेपी से नाराज चल रहे हैं। रिपब्लिक से बात करते हुए संजय निषाद ने कहा कि इस दावे में सच्चाई नहीं है।
संजय निषाद ने कहा की उनके बेटे को बीजेपी के सिम्बल पर संत कबीरनगर की सीट मिली है। उनकी पार्टी के कार्यकर्ता चाहते है कि निषाद पार्टी के सिम्बल पर चुनाव लड़ाया जाए। संजय निषाद ने कहा की बीजेपी निषाद पार्टी के लिए बड़े भाई की तरह है। पार्टी जो भी फैसला लेगी हमें मंजूर होगा।
जेपी नड्डा के सामने रखी मांग
बीजेपी ने संजय निषाद के बेटे प्रवीण कुमार निषाद को संत कबीरनगर से टिकट दिया है। संजय निषाद एक और सीट की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर बुधवार को उन्होंने जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी, लेकिन उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। संजय निषाद ने कहा कि हमने अपनी बात पहुंचा दी है, अब वो जो तय करेंगे मान्य होगा।
'RLD देरी से आई फिर भी दो सीट'
संजय निषाद ने रालोद के NDA में शामिल होने पर कहा कि 'RLD देर से आई और उसे दो सीट मिली, अपना दल और सुभासपा अपने सिंबल पर चुनाव भी लड़ रहे हैं। हमारी आबादी को देखते हुए हमे भी अपने सिंबल पर चुनाव लड़ना चाहिए। मैं नाराज नहीं हूं, बीजेपी के साथ हमेशा हूं।'
बीजेपी की दूसरी लिस्ट में 72 उम्मीदवार
बीजेपी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची बुधवार को जारी की है। जिसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, अनुराग सिंह ठाकुर और हरियाणा के मनोहर लाल खट्टर सहित तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने दो पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और सदानंद गौड़ा के टिकट काट दिए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी भी पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की जगह उन्हें पौड़ी गढ़वाल से चुनाव मैदान में उतारा है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 14 March 2024 at 17:15 IST