कौन हैं सुखबीर सिंह संधू? जो निभाएंगे लोकसभा चुनाव में अहम रोल...उत्तराखंड में भी दे चुके हैं सेवाएं
1963 में जन्मे सुखबीर सिंह संधू 1998 बैच के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी हैं, जिन्होंने केंद्र के अलावा उत्तराखंड में भी अपनी सेवाएं दीं।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Sukhbir Singh Sandhu : सेवानिवृत्त आईएएस सुखबीर सिंह संधू को अब बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली चयन समिति ने गुरुवार को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार के साथ साथ सुखबीर सिंह संधू को भी नए चुनाव आयुक्त के रूप में चुना है। हाल ही में चुनाव आयुक्त अरुण गोयल के इस्तीफे के बाद आयोग में दो पद खाली हो गए थे, क्योंकि 14 फरवरी को अनूप चंद्र पांडे भी रिटायर्ड हुए।
चुनाव आयुक्त के रिक्त पदों के लिए नामों पर विचार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल और लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी की चयन समिति की गुरुवार को दिल्ली में बैठक हुई। बाद में अधीर रंजन चौधरी ने जानकारी दी कि बैठक में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के नाम को चुना गया है। अब दोनों आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के साथ शामिल होंगे।
कौन हैं सुखबीर सिंह संधू?
1963 में जन्मे सुखबीर सिंह संधू 1998 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं, जिन्होंने केंद्र सरकार और उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और पंजाब सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। सुखबीर सिंह संधू उत्तराखंड में मुख्य सचिव के पद पर रह चुके हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग, मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष के रूप में काम किया।
सुखबीर सिंह संधू ने अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और अमृतसर की गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से इतिहास में मास्टर डिग्री की है और लॉ ग्रेजुएट भी हैं। अपने वर्तमान कार्यभार से पहले सुखबीर सिंह संधू भारत सरकार के उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव थे। फिलहाल सुखबीर सिंह संधू निर्वाचन आयोग के लिए चुने गए हैं, जिनके कंधों पर लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी भी होगी।