अपडेटेड 28 April 2024 at 17:15 IST
'चाचा पर उम्र का बोझ आ गया तो पलायन कर गए', CM योगी की दो टूक- राम की सत्ता को चुनौती दी तो पतन तय
UP News: CM Yogi ने बदायूं की जनता को संबोधित करते हुए सपा पर जमकर हमला बोला।
UP News: सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय शाक्य के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित करने बदायूं के बिल्सी में चुनावी सभा पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस, सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो ईश्वर की शक्तियों को चुनौती देता है, उसका पतन तय है। जिसने भी भगवान राम भगवान कृष्ण इस सत्ता को चुनौती दी, उसका पतन तय है। समाजवादी पार्टी कई सीटों पर बार-बार प्रत्याशी बदलकर पहले ही हार मान चुकी है।
'वह कहते थे अयोध्या में राम हुए ही नहीं...'
सीएम योगी ने कहा- 'बदायूं की बिल्सी विधानसभा में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी आस्था से कांग्रेस,सपा व बसपा के लोग खिलवाड़ करते थे, वह कहते थे अयोध्या में राम हुए ही नहीं, कृष्णा हुए ही नहीं। आज 500 साल बाद अयोध्या में भगवान राम लला मंदिर में विराजमान हो गए। यह काम सपा व कांग्रेस के लोग भी कर सकते थे क्या। जब यह गरीबों को राशन नहीं दे सकते, बेटी और व्यापारियों को सुरक्षा नहीं दे सकते,देश की सीमाओं की रक्षा नहीं कर सकते, युवाओं को नौकरी नहीं दे सकते और आपकी आस्था का सम्मान नहीं कर सकते तो क्या इनको सत्ता में आने का अधिकार है क्या। मुख्यमंत्री ने कहा कि जितने भी आराध्य देव हैं उन्हें सम्मान देना होगा ईश्वर शक्तियों को जो भी चुनौती देता है उसका पतन तय है। जिसने भी राम की सत्ता को चुनौती दी, कृष्ण की सत्ता को चुनौती दी उसका पतन तय है। हमें महापुरुषों को सम्मान देना चाहिए। जिन महापुरुषों ने भारत को भारत बनाने में सहयोग दिया है।'
'समाजवादी पार्टी ने इस चुनाव को मजाक का विषय बना दिया'
योगी आदित्यनाथ ने कहा- 'लोकसभा का चुनाव चल रहा है और लोकसभा का चुनाव देश की सर्वोच्च पंचायत का चुनाव है, लेकिन समाजवादी पार्टी ने इस चुनाव को मजाक का विषय बना दिया है। समाजवादी पार्टी ने इतनी बार अपना प्रत्याशी बदल दिया अखाड़े में प्रत्याशी देने से पहले ही समाजवादी पार्टी हार मान चुकी है। पहले प्रत्याशी को टिकट दिया तो उन्हें लगा यह प्रत्याशी बदायूं के अखाड़े में फिट नहीं होगा तो उसे मना कर दिया गया। फिर चाचा को टिकट दिया गया तो चाचा पर लगता है उम्र का ज्यादा बोझ आ गया तो उन्होंने पलायन का रास्ता अपना लिया। अब भतीजे पर विश्वास करने का प्रयास हुआ है, लेकिन भतीजे के पांव पहले ही उखड़ चुके हैं। समाजवादी पार्टी कई क्षेत्र में एक बार नहीं, तीन-तीन बार प्रत्याशी बदल चुकी है। 3 दिन पहले ही शाहजहांपुर में नामांकन के अंतिम दिन प्रत्याशी बदल दिया। इसके अलावा मेरठ, रामपुर मुरादाबाद में भी प्रत्याशी बदले थे। जनता जनार्दन कह चुकी है कि प्रत्याशी बदलने से काम नहीं होने वाला पुराना जितना भी लेखा-जोखा है, इसका हिसाब जनता जनार्दन इस चुनाव में फिर से करने वाली है।'
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 28 April 2024 at 17:15 IST