अपडेटेड 2 September 2024 at 16:55 IST

Haryana Election 2024: विनेश फोगाट की सियासी एंट्री की पिच है तैयार, बहन बबीता के खिलाफ ठोकेंगी ताल?

Haryana News: विनेश फोगाट का चुनाव में आना हुआ तो एक दिलचस्प मुकाबला हरियाणा में देखा जा सकता है। विनेश फोगाट अपनी बहन बबीता फोगाट के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं।

Follow :  
×

Share


हरियाणा में बबीता फोगाट के खिलाफ विनेश फोगाट के चुनाव लड़ने की अटकलें। | Image: ANI/PTI

Vinesh Phogat: विनेश फोगाट के लिए राजनीति का अखाड़ा तैयार है, इंतजार पहलवान के मैदान में उतरने का है। अगले 34 दिन की परिस्थिति तय करेंगी कि हरियाणा के अगले 5 साल का भविष्य क्या रहने वाला है। इस बीच विनेश फोगाट को नए अध्याय के लिए नया रास्ता तलाशना है और फिलहाल चर्चाएं तेज हैं कि विनेश फोगाट राजनीति के अखाड़े में अगली कुश्ती लड़ेंगी।

31 अगस्त 2024 को विनेश फोगाट शंभू बॉर्डर पर किसानों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं और उन्हें अपना समर्थन देते हुए कहा कि वो उनके साथ हैं। पहलवान ने 27 अगस्त को जींद में खाप पंचायतों से मुलाकात की थी और कहा था कि उन पर राजनीति में शामिल होने का दबाव है। मैं अपने बड़ों से सलाह लेने के बाद फैसला करूंगी।

कांग्रेस से पारी शुरू कर सकती हैं विनेश

राजनीतिक हलकों में ऐसी चर्चा है कि अगर विनेश फोगाट सक्रिय राजनीति में उतरने का फैसला करती हैं, तो वो कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। ऐसा इसलिए माना जाता है कि विनेश फोगट का झुकाव कांग्रेस की ओर दिखा है। कांग्रेस भी विनेश फोगाट को बार-बार ऑफर कर चुकी है। कांग्रेस ने कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा के बाद विनेश फोगाट को अपने साथ जोड़ने के लिए हाथ बढ़ाया था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे और पार्टी सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा को पहलवान के साथ पेरिस से घर लौटते समय देखा गया। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दोनों ने विनेश फोगाट को राज्यसभा में मनोनीत करने की मांग की। ये अलग बात है कि विनेश राज्यसभा के लिए पात्र नहीं हैं, क्योंकि उनकी उम्र 30 साल से कम है। विनेश फोगाट के परिवार के करीबी सूत्र भी बताते हैं कि उनके कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है।

जब एयरपोर्ट पर विनेश फोगाट का दीपेंद्र हुड्डा ने स्वागत किया। (Image: Facebook)

यह भी पढ़ें: विनेश फोगाट लड़ेंगी चुनाव? शंभू बॉर्डर पर किसान आंदोलन में शामिल ओलंपियन ने कर दिया ये इशारा

हो सकती है 'फोगाट Vs फोगाट' की फाइट!

विनेश फोगाट का चुनाव में आना हुआ तो एक दिलचस्प मुकाबला हरियाणा में देखा जा सकता है। सूत्र कहते हैं कि अगर विनेश फोगाट चुनाव लड़ने का फैसला करती हैं, तो वो दादरी निर्वाचन क्षेत्र में बबीता फोगाट के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं। विनेश और बबीता भले दोनों एक ही परिवार से आती हैं, लेकिन बीते दिनों में दोनों के बीच दरार देखी गई। विनेश फोगाट ने जब यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर बृजभूषण सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके विपरीत बबीता ने आरोप लगाया कि विरोध कांग्रेस नेताओं के इशारे पर आयोजित किया गया था।

बबीता फोगाट ने दादरी निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के टिकट पर 2019 हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गईं। विनेश फोगट ने अभी तक अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की घोषणा नहीं की है, लेकिन कई पार्टियां चाहती हैं कि वो उनके साथ जुड़ें। बहरहाल, खाप पंचायतों और किसानों के साथ उनका जुड़ाव इस बात को दर्शाता रहा है कि अगर वो चुनाव लड़ती हैं तो उन्हें उनका समर्थन मिलने की संभावना है।

हरियाणा में 5 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव

हरियाणा के विधानसभा चुनाव में अब देर नहीं है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए पहले एक अक्टूबर को वोटिंग होनी थी, लेकिन बिश्नोई समुदाय के मताधिकार और परंपराओं का सम्मान करने के लिए मतदान को 5 अक्टूबर के लिए आगे बढ़ाया गया। साथ ही जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभाओं के लिए मतगणना की तिथि को 4 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है।

यह भी पढ़ें: दुष्यंत चौटाला को बड़ा झटका, 3 जेजेपी विधायक हुए बीजेपी में शामिल

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 2 September 2024 at 14:41 IST