अपडेटेड 23 September 2024 at 21:38 IST

कांग्रेस दलित विरोधी पार्टी है, उसने कुमारी सैलजा का अपमान किया: अमित शाह

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे ‘‘दलित विरोधी’’ पार्टी करार दिया।

Follow :  
×

Share


Home Minister Amit Shah | Image: X

Haryana Assembly Elections: केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे ‘‘दलित विरोधी’’ पार्टी करार दिया और कहा कि उसने कुमारी सैलजा और अशोक तंवर जैसे दलित नेताओं का ‘‘अपमान’’ किया है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शाह ने आरक्षण के संबंध में टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर कोई आरक्षण की रक्षा कर सकता है, तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। शाह पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए टोहाना में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस पार्टी दलित विरोधी पार्टी है- अमित शाह

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी दलित विरोधी पार्टी है। मैं (भूपेंद्र सिंह) हुड्डा जी और राहुल बाबा को 2005 की गोहाना घटना के बारे में याद दिलाना चाहता हूं। इसके लिए कौन जिम्मेदार था? वह कांग्रेस थी।’’ शाह ने 2010 की मिर्चपुर घटना का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में लोगों को आरक्षित श्रेणी में नौकरियों से वंचित रखा गया और उन्हें ‘‘उपयुक्त नहीं पाया गया।’’

गोहाना की घटना में, हत्या के एक मामले में गांव के एक दलित के शामिल होने का संदेह होने के बाद दलितों के कुछ घरों में आग लगा दी गई थी। मिर्चपुर की घटना में 21 अप्रैल 2010 को ग्रामीणों के एक समूह ने कथित तौर पर दलितों के एक दर्जन से अधिक घरों को आग लगा दी थी। इस घटना में एक किशोरी और उसके पिता की मौत हो गई थी।

कांग्रेस ने हमेशा दलित नेताओं का अपमान किया- अमित शाह

उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस सत्ता में थी, डॉ. बी.आर. आंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा दलित नेताओं का अपमान किया, चाहे वह अशोक तंवर हों या बहन कुमारी सैलजा। कांग्रेस ने सभी का अपमान किया।’’

सत्तारूढ़ भाजपा दलित नेता सैलजा के चुनाव प्रचार से दूर रहने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साध रही है।

सैलजा के चुनाव प्रचार से दूर रहने की खबरों के बीच हाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें भाजपा में शामिल होने का न्योता दिया था।

आरक्षण पर गांधी की टिप्पणी का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा था कि विकास के बाद आरक्षण की कोई जरूरत नहीं है। वे (कांग्रेस) विकास के बाद आरक्षण हटा देंगे।’’

शाह ने उपस्थित लोगों से पूछा, ‘‘हमारा हरियाणा पूरी तरह से विकसित राज्य है। आपको आरक्षण चाहिए या नहीं?’’ उन्होंने कहा कि अगर कोई अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की रक्षा कर सकता है, तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं।

राहुल गांधी ने अमेरिका में जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस पार्टी आरक्षण खत्म करने के बारे में तब सोचेगी, जब भारत में सभी को समान अवसर मिलने लगेंगे और फिलहाल भारत में ऐसी स्थिति नहीं है।

राहुल गांधी को सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए- अमित शाह

शाह ने सिख समुदाय के बारे में गांधी की टिप्पणी की निंदा की और उनसे माफी मांगने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘पूरा देश सिख गुरुओं पर गर्व महसूस करता है। दसवें सिख गुरु (गोबिंद सिंह) का हर घर में सम्मान किया जाता है। हर घर, स्कूल में दसवें सिख गुरु और गुरु नानक देव की तस्वीर है।’’

शाह ने कहा, ‘‘राहुल बाबा कहते हैं, सिखों को भारत में पगड़ी, कड़ा पहनने की आजादी नहीं है। वह कहते हैं कि सिखों को देश में गुरुद्वारों में जाने की इजाजत नहीं है। राहुल बाबा, आप किस भारत में रहते हैं? सिर्फ सिख भाई ही नहीं, बल्कि हम सब भी गुरु ग्रंथ साहिब के सामने जाकर माथा टेकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप अपमान क्यों करते हैं? आपने कहां से सीखा है? और अमेरिका में आप ऐसा कहते हैं।’’ शाह ने कहा, ‘‘मैं टोहाना के लोगों से पूछना चाहता हूं कि क्या हम अपने सिख भाइयों का सम्मान करते हैं या नहीं? सम्मान के साथ, क्या सिख भाई पगड़ी, कड़ा पहनकर गुरुद्वारे जाते हैं या नहीं? राहुल बाबा, आप क्या कहेंगे, सिख पंथ का अपमान करने का आपका इतिहास रहा है।‘‘

कांग्रेस की सरकार में हजारों सिखों का कत्लेआम किया गया- अमित शाह

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली में (1984 में) हुए सिख विरोधी दंगों के दौरान जब आपकी सरकार थी, तब हजारों सिखों का सड़कों पर कत्लेआम किया गया था, बच्चों और माताओं को भी नहीं बख्शा गया था। और आपके (राहुल के) पिता ने कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है।’’

शाह ने यह भी आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस की कुछ रैलियों में ‘‘पाकिस्तान जिंदाबाद‘‘ के नारे लगाए गए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं टीवी पर यह सब देखकर चिंतित हो गया। राहुल गांधी इसे रोकते नहीं हैं। राहुल बाबा, आपकी रैलियों में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगते हैं, आप किसे खुश करना चाहते हैं?‘‘

उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि ‘‘दिल्ली के दामाद को खुश करने के लिए किसानों की जमीन मूंगफली के दाम पर दे दी गई।‘‘

उन्होंने आरोप लगाया कि जब राज्य में हुड्डा के नेतृत्व वाली सरकार थी तो डीलर, दामाद और भ्रष्टाचारियों का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने डीलर और दामाद सरकार को खत्म कर दिया है।

शाह ने कांग्रेस के घोषणापत्र पर साधा निशाना

कांग्रेस के घोषणापत्र में दो लाख नौकरियों के वादे को लेकर कटाक्ष करते हुए शाह ने भूपेंद्र हुड्डा से पूछा, ‘‘वे ये नौकरियां किसे देंगे, योग्यता रखने वालों को या फिर खर्ची-पर्ची देने वालों को?‘‘

शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने से पहले सरकारी नौकरियां बिना ‘खर्ची (भ्रष्टाचार) पर्ची (भाई-भतीजावाद)’ के नहीं मिलती थीं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा नीत सरकार ही है, जिसने पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी हैं।

शाह ने कहा कि पहले हरियाणा में दो पार्टियां सरकार बनाती थीं। शाह ने कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल पर हमला करते हुए कहा, ‘‘जब एक पार्टी सत्ता में आती थी तो भ्रष्टाचार बढ़ जाता था और जब दूसरी पार्टी आती थी तो गुंडागर्दी बढ़ जाती थी। दोनों पार्टियों में परिवारवाद और जातिवाद चरम पर था।‘‘

न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला करते हुए शाह ने पूछा कि क्या उसके नेताओं को एमएसपी का पूरा नाम भी पता है। उन्होंने पूछा, ‘‘राहुल बाबा, जब आपकी सरकारें थीं, तो आपने कितनी फसलें एमएसपी पर खरीदी थीं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं गर्व के साथ कहता हूं कि देश में कहीं भी, अगर 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जाती है, तो वह हरियाणा में है।’’

इसे भी पढ़ें: 'इस बार जुलाना में सिर्फ...', सच होगा Vinesh Phogat का ये दावा?

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 23 September 2024 at 21:38 IST