अपडेटेड 8 September 2024 at 16:14 IST

'जीजा-साली और एक अखाड़ा...' बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट-बजरंग पूनिया पर बोला बड़ा हमला

विनेश फोगाट पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि 2023 का आंदोलन महिलाओं का प्रदर्शन नहीं था। ये सिर्फ एक परिवार का आंदोलन था। इसके सर्वेसर्वा भूपेंद्र हुड्डा थे।

Follow :  
×

Share


बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट-बजरंग पूनिया पर बड़ा हमला बोला। | Image: Facebook/File

Brij Bhushan Sharan Singh: रेसलिंग विवाद को लेकर दिल्ली में आंदोलन करने वाले विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के राजनीति में उतरने के बाद बृजभूषण शरण सिंह लगातार हमलावर है। हरियाणा के कुछ पहलवानों ने  बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ ही मोर्चा खोला था। अब विनेश-बजरंग पूनिया के कांग्रेस में जाने पर बृजभूषण शरण सिंह कह रहे हैं कि इन खिलाड़ियों का आंदोलन राजनीति से प्रेरित था। भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष  बृजभूषण शरण सिंह का कहना है कि वो प्रदर्शन 'एक फैमिली और एक अखाड़ा, जीजा-साली और एक अखाड़ा' का ही था।

पूर्व डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष और बीजेपी  नेता बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया कि 2023 में जंतर-मंतर पर हुआ विरोध प्रदर्शन प्रेरित था और हुड्डा परिवार ने महिलाओं के सम्मान को दांव पर लगाकर जुआ खेला। उसके लिए कांग्रेस को माफ नहीं किया जाएगा। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, 'महाभारत के दौरान पांडवों ने द्रौपदी को दांव पर लगाया था और हार गए थे। देश ने आज तक पांडवों को इसके लिए माफ नहीं किया है। इसी तरह हुड्डा परिवार ने हमारी बहन-बेटियों के सम्मान को दांव पर लगाकर जो जुआ खेला है, उसके लिए उन्हें माफ नहीं किया जाएगा।'

विरोध महिलाओं की गरिमा के लिए नहीं था- बृजभूषण

बृजभूषण ने कहा कि ये महिलाओं का प्रदर्शन नहीं था। शुरुआत में जरूर लगा कि ये खिलाड़ियों का आंदोलन था, लेकिन खिलाड़ी धीरे-धीरे करके लौट गए। ये सिर्फ एक परिवार, जीजा-साली और अखाड़े का आंदोलन था। इसके सर्वेसर्वा भूपेंद्र सिंह हुड्डा थे।' बीजेपी नेता का कहना है कि गतिविधियों के क्रम से पता चलता है कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया था। उन्होंने आगे कहा, 'जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन वास्तव में दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में किया गया था। विरोध महिलाओं की गरिमा के लिए नहीं था। पहले दिन ये खिलाड़ियों के विरोध प्रदर्शन जैसा लग रहा था। बाद में एक-एक करके सभी चले गए और दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में पहलवानों के एक समूह के साथ एक परिवार रह गया।' उन्होंने कहा कि जब सच्चाई सामने आएगी तो वे जवाब नहीं दे पाएंगे।

बजरंग और विनेश को कांग्रेस ने सौंपी जिम्मेदारी

पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, पार्टी नेता पवन खेड़ा, हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान और हरियाणा के एआईसीसी प्रभारी दीपक बाबरिया की मौजूदगी में दिन में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। उनके शामिल होने के कुछ ही घंटों बाद कांग्रेस ने पुनिया को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया और फोगाट को जुलाना विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया। 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होगा और वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।

यह भी पढ़ें: 'जो राम को लाए हैं...' कन्हैया मित्तल किस पार्टी में जाएंगे, किया खुलासा

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 8 September 2024 at 16:14 IST