देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे को कहा गली का नेता, जाने किस बयान पर मचा घमासान?
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें गली का नेता कहा है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें गली का नेता कहा है। फडणवीस के ये बयान उद्धव ठाकरे के उस बयान के जवाब में आया है जिसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बीजेपी छोड़कर महाविकास अघाड़ी से चुनाव लड़ने को कहा था।
उद्धव के जवाब में देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जिस पार्टी का बैंड बाजा बजा हुआ है उस पार्टी के नेता गडकरी जैसे राष्ट्रीय नेता को ऑफर दे रहे हैं। ठीक उसी तरीके से जैसे एक गली के नेता ने किसी को अमेरिका के राष्ट्रपति बनने का ऑफर दिया है।
पहली चर्चा नितिन गडकरी के नाम की होगी- देवेंद्र
उन्होंने कहा कि अभी महायुति में फैसला नहीं हुआ था, इसलिए महाराष्ट्र का नंबर पहले लिस्ट में नहीं आया। अब जब महाराष्ट्र की महायुती पर चर्चा होने के बाद जब लिस्ट आएगी, तो सबसे पहले नितिन गडकरी के नाम की चर्चा होगी। यह जो उद्धव ठाकरे सत्ता को बड़ा बताने की कोशिश कर रहे हैं इससे उनकी हंसी हो रही है।
क्या कहा था उद्धव ठाकरे ने?
उद्धव ठाकरे ने बीजेपी की पहली लिस्ट जारी होने के बाद कहा था कि नितिन गडकरी आपको दिल्ली के सामने झुकने की जरूरत नहीं है। हम आपको MVA से टिकट दिलाकर जिताएंगे। जिस नेता ने महाराष्ट्र में बीजेपी को आधार दिया है, उसे ही पहली लिस्ट से बाहर रखा गया है। ऐसे में उद्धव ठाकरे का ये पैतरा कितना काम आएगा ये तो वक्त ही बताएगा।
महाराष्ट्र की सीटों का नहीं हुआ ऐलान
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के नामों का ऐलान कर दिया गया है। वहीं नितिन गडकरी महाराष्ट्र से चुनाव लड़ते हैं ऐसे में जैसे ही महायुती में सीटों बंटवारे पर अंतिम मुहर लगेगी, गडकरी के नाम का ऐलान भी हो जाएगा।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 8 March 2024 at 17:52 IST