अपडेटेड 26 December 2024 at 12:36 IST

INDI गठबंधन से निकाली जाएगी कांग्रेस? AAP कर रही बड़ी प्लानिंग, दूसरे दलों संग मीटिंग की तैयारी

Delhi Assembly Election: आम आदमी पार्टी कांग्रेस को INDI गठबंधन से बाहर निकलवाने की तैयारी कर रही है। आम आदमी पार्टी के करीबी सूत्रों ने जानकारी दी है।

Follow :  
×

Share


Arvind Kejriwal and Rahul Gandhi | Image: Facebook

Congress Vs AAP: इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस यानी INDI अलायंस के भीतर दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर हो सकता है। आम आदमी पार्टी कांग्रेस को INDI गठबंधन से बाहर निकलवाने की तैयारी कर रही है। आम आदमी पार्टी के करीबी सूत्रों ने जानकारी दी है। सूत्र बता रहे हैं कि कांग्रेस को गठबंधन से बाहर निकलवाने के लिए आम आदमी पार्टी सहयोगी दलों से बातचीत करने वाली है।

आम आदमी पार्टी के करीबी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस को लेकर AAP के नेताओं में भारी नाराजगी है। वो आरोप लगा रहे हैं कि कांग्रेस दिल्ली में बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रही है। दिल्ली में कांग्रेस के नेताओं के बयानों को लेकर आम आदमी पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ी है। खासकर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ FIR कराने को लेकर AAP के नेता खफा हैं। सूत्र बता रहे हैं कि पूरे मसले को लेकर दोपहर एक बजे आतिशी और संजय सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।

दिल्ली के मुद्दों पर AAP और कांग्रेस में खींचतान

दिल्ली में जल्द विधानसभा चुनाव हैं और उसके पहले सत्तारूढ़ AAP पर बीजेपी के अलावा कांग्रेस भी हमलावर है। कांग्रेस भले INDI गठबंधन के तहत साझीदार है, लेकिन दिल्ली के चुनावों में AAP के खिलाफ जबरदस्त माहौल बनाने में लगी है। पिछले दिनों कांग्रेस की तरफ से दिल्ली में AAP सरकार के कामकाज को काले कारनामे बताते हुए श्वेतपत्र लाया गया और पिछले दिन दिल्ली में महिला सम्मान योजना को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद दोनों दलों में तकरार बढ़ी है। कांग्रेस की तरफ से केजरीवाल के खिलाफ FIR तक की मांग की गई। कांग्रेस की यही हरकतें अभी आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ा रही हैं।

दिल्ली में कांग्रेस से दूर अकेले चुनाव लड़ रही है AAP

इसको भी दरकिनार नहीं किया जा सकता है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच शुरुआत से ही खींचतान रही है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी INDI गठबंधन में साझीदार हैं और इसी साल का लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था, लेकिन राज्यों के विधानसभा चुनावों में दोनों दल एक दूसरे से लड़ते रहे हैं। दिल्ली में कई मौकों पर संदीप दीक्षित जैसे कांग्रेस नेताओं ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर विरोध में आवाज उठाई। पंजाब हो या दिल्ली, इन राज्यों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में सीधी टक्कर रही। अभी दिल्ली के विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। आम आदमी पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल ने खुद ऐलान किया कि दिल्ली में AAP अकेले ही चुनाव लड़ेगी। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने कैंडिडेट उतार चुकी है। इसी तरह कांग्रेस भी 70 में से 47 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

यह भी पढ़ें: भारत के नक्शे से कश्मीर गायब, कांग्रेस के पोस्टर पर मचा बवाल; बीजेपी भड़की

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 26 December 2024 at 12:05 IST