BREAKING: प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री, वायनाड लोकसभा सीट से लड़ेंगी उपचुनाव
Wayanad By Election BREAKING: प्रियंका गांधी वाड्रा की राजनीति में एंट्री होने जा रही है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी।
Wayanad By Election BREAKING: चुनाव आयोग ने 47 विधानसभा क्षेत्रों और 1 संसदीय क्षेत्र वायनाड में 13 नवंबर को उपचुनाव करने का ऐलान किया। इस बीच कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उपचुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा को मैदान में उतारा है। इसके साथ ही प्रियंका गांधी वाड्रा की राजनीति में एंट्री होने जा रही है। वहीं उपचुनाव का परिणाम 20 नवंबर को घोषित किया जाएगा। बता दें, लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।
हालांकि पार्टी ने जून में ही इसका ऐलान कर दिया था कि वह राहुल गांधी के इस्तीफे से खाली हुई वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगी। वायनाड से निर्वाचित होने पर वह पहली बार किसी सदन की सदस्य बनेंगी। वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं। उसके बाद से वह पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी निभा रही हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा वायनाड लोकसभा उपचुनाव की घोषणा के तुरंत बाद कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की उम्मीदवारी वाली सूची जारी की।
केरल की चेलक्कारा विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव में पूर्व सांसद राम्या हरिदास तथा पालक्कड़ से राहुल ममकूटाथिल को टिकट दिया गया है। लोकसभा चुनाव के कुछ दिनों बाद, जून में कांग्रेस ने घोषणा की थी कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में रायबरेली संसदीय क्षेत्र रखेंगे और केरल की वायनाड सीट खाली कर देंगे, जहां से उनकी बहन प्रियंका गांधी चुनावी पारी की शुरुआत करेंगी।
पहली बार गांधी परिवार के तीन सदस्य संसद में हो सकते
निर्वाचित होने पर प्रियंका गांधी पहली बार सांसद बनेंगी तथा यह भी पहली बार होगा कि गांधी परिवार के तीन सदस्य - सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका एक साथ संसद में होंगे। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को वायनाड और नांदेड़ लोकसभा सीटों के साथ-साथ 48 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की घोषणा की।
वायनाड संसदीय सीट और 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को झारखंड विधानसभा के पहले चरण के मतदान के साथ होगा। प्रियंका गांधी को अतीत में वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए संभावित चुनौती के रूप में और परिवार के गढ़ रायबरेली में कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी के उत्तराधिकारी के रूप में पेश किया गया था। हालांकि, कांग्रेस ने उन्हें वायनाड से मैदान में उतारने का फैसला किया है, जिस संसदीय सीट से उनके भाई राहुल लगातार दो चुनावों में जीते थे। प्रियंका गांधी पहले उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी थीं। इस लोकसभा चुनाव में उन्होंने रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस की जीत में प्रमुख भूमिका निभाई।
(इनपुट भाषा)
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 15 October 2024 at 21:30 IST