अपडेटेड 12 November 2025 at 19:14 IST

Bihar Elections: प्रशांत किशोर होंगे टांय-टांय फिस्स? 243 सीटों पर उम्मीदवार, खूब बनाया माहौल लेकिन Exit Poll ने क्यों बढ़ा दी टेंशन

Bihar Elections:बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हुए हैं। पहले चरण में 121 सीटों के लिए 6 नवंबर को वोटिंग हुई थी। वहीं, दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग हुई। इन दोनों चरणों में डाले गए वोटों की गिनती 14 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को की जाएगी।

Follow :  
×

Share


जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (फाइल फोटो) | Image: Jan Suraaj/X

Bihar Elections: बिहार चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के अलावा जन सुराज (चुनाव चिन्ह - स्कूल का बस्ता) एक ऐसी पार्टी रही, जो प्रदेश की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ी है। कई लोग जन सुराज को बिहार में तीसरे मोर्चे के रूप में भी देख रहे हैं। लेकिन यहां सवाल एग्जिट पोल्स से उठ रहे हैं।

जी हां, बिहार में प्रशांत किशोर (पीके) की पार्टी जन सुराज ने अपना एक अलग तेवर दिखाते हुए इस बार के चुनाव में हुंकार भरी है। खुद कभी दूसरे दलों के लिए चुनावी रणनीतिकार की अहम भूमिका निभा चुके पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर का दावा है कि बिहार में जन सुराज आ रहा है... उन्होंने यह भी कहा है कि 14 नवंबर को बिहार की जनता इतिहास रचने जा रही है, अपने बच्चों की शिक्षा और रोजी-रोजगार के लिए एक नई व्यवस्था बनाने जा रही है!! लेकिन प्रदेश में दो चरणों के चुनाव के बाद आए विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल्स ने उनके इस दावे को टांय-टांय फिस्स कर दिया है। आइए देखते हैं कि पीके की जन सुराज को बिहार चुनाव में एग्जिट पोल्स कितनी सीटें मिलने की संभावना दिखा रहे हैं...

पीपल्स पल्स पोल सर्वे में जन सुराज को कितनी मिल रही हैं सीटें?

पीपल्स पल्स पोल सर्वे में कहा गया है कि एनडीए को 133-159 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, महागठबंधन को लगभग 75-101 सीटें मिलेंगी, जबकि जन सुराज को 0-5 सीटें मिल सकती हैं, और अन्य को 2-8 सीटें मिल सकती हैं।

डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल में कितनी सीटों पर जीत सकती है जन सुराज?

डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल ने एनडीए को बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाने का संकेत दिया है। इसने अपने एग्जिट पोल में एनडीए को 137-152 सीटें, महागठबंधन को 83-98 सीटें मिलती हुई दिखाई है। वहीं, प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को 2 से 4 सीटें और ओवैसी की पार्टी AIMIM को 0-2 सीटें मिलती दिख रही हैं।

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल का क्या है इशारा?

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को पूरे बिहार में मात्र 4 फीसदी वोट शेयर मिलता हुआ दिखाया गया है। वहीं, एनडीए को 43 फीसदी, महागठबंधन को 41 फीसदी और अन्य को 12 फीसदी वोट शेयर मिलता दिख रहा है।  

जन सुराज को 0 से लेकर 5 सीटें मिलने का अनुमान 

  • चाणक्य स्ट्रैटेजीज अपने एग्जिट पोल में जन सुराज को 0 सीटें दिखा रहा है। 
  • TIF रिसर्च भी अपने एग्जिट पोल में जन सुराज के लिए 0 सीटें दिखा रहा है। 
  • JVC  अपने एग्जिट पोल में जन सुराज के लिए 0-1 सीटें दिखा रहा है। 
  • मैट्रिज एग्जिट पोल में जन सुराज के लिए 0-2 सीटें दिखा रहा है। 
  • DV रिसर्च अपने एग्जिट पोल में जन सुराज के लिए 2-4 सीटें दिखा रहा है।

14 नवंबर को आएंगे नतीजे

अनुमान, एग्जिट पोल्स ये सभी एक तरह से संभावनाएं हैं। लेकिन वास्तविक परिणाम 14 नवंबर 2025 को दिखेंगे। जी हां, बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हुए हैं। पहले चरण में 121 सीटों के लिए 6 नवंबर को वोटिंग हुई थी। वहीं, दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग हुई। इन दोनों चरणों में डाले गए वोटों की गिनती 14 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को की जाएगी। मतलब कि 14 नवंबर को ही बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आएंगे और इसी दिन मालूम हो जाएगा कि क्या बिहार में फिर से एनडीए की सरकार आ रही है या फिर कोई बड़ा परिवर्तन होगा और महागठबंधन अपनी नई सरकार बनाएगी। 

ये भी पढ़ें - Poll of Polls: Exit पोल में महागठबंधन को झटका, बंपर जीत की ओर NDA, जानिए किसको कितनी सीटें, पूरी LIST

Published By : Sujeet Kumar

पब्लिश्ड 12 November 2025 at 19:14 IST