अपडेटेड 28 October 2025 at 13:33 IST
Bihar Election: आज महागठबंधन जारी करेगा 'तेजस्वी प्रण पत्र', तेजस्वी बोले- बिहार को नंबर वन बनाएंगे, घोषणा पत्र में हो सकते हैं ये बड़े ऐलान
Bihar Election: महागठबंधन आज अपना घोषणा पत्र जारी करेगा। जिसमें युवा, महिला, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर ध्यान केंद्रित किया जा सकता है। मेनिफेस्टो जारी करने से पहले महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव का इस पर बयान भी आया है।
Bihar Election 2025: छठ पूजा के समापन के बाद बिहार में चुनावी सरगर्मियां और तेज हो गई है। आज यानी 28 अक्टूबर को महागठबंधन अपना घोषणा पत्र जारी करने के लिए तैयार है। नौकरी, किसानों, युवाओं को लेकर इस मेनिफेस्टो में कई बड़े ऐलान होने की संभावना है। महागठबंधन के घोषणा पत्र पर तेजस्वी यादव ने कहा है कि आज हम 'तेजस्वी प्रण पत्र' जारी करने जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने एनडीए अलायंस को अपना सीएम के नाम की घोषणा करने की चुनौती भी दी।
बिहार की जनता बदलाव के मूड में- तेजस्वी यादव
घोषणा पत्र जारी करने से पहले महागठबंधन के CM फेस तेजस्वी यादव ने NDA पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "आज हम चुनाव प्रचार शुरू कर रहे हैं और हमें बिहार में हर जगह जाना है। इस बार बिहार की जनता बदलाव के मूड में है... जो लोग रोजी-रोटी के लिए बिहार से पलायन कर गए थे, जो लोग रोजी-रोटी के लिए बाहर गए थे, आपने देखा होगा कि छठ के दौरान वे कैसे वापस लौटे। यह देखकर दिल टूट गया।"
उन्होंने कहा कि रेल मंत्री ने घोषणा की थी कि 12,000 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। लेकिन आपने देखा कि कैसे हमारे भाई-बहन ट्रेनों में पहुंचे। लोग ट्रेनों में ठूंस-ठूंस कर आए। ये विशेष ट्रेनें कहां गईं? इन लोगों ने बिहार के लोगों को सिर्फ धोखा दिया है... यह अब और नहीं चलेगा।"
NDA पर साधा निशाना
मेनिफेस्ट को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने सीएम का चेहरा भी घोषित कर दिया है। आज हम 'तेजस्वी प्रण पत्र' जारी करने जा रहे हैं कि हम अगले 5 साल कैसे काम करने वाले हैं। हम चाहते हैं कि एनडीए अपने सीएम के नाम की घोषणा करे। उनके पास क्या योजनाएं हैं? उनका विजन क्या है और वे बिहार को कैसे आगे ले जाएंगे? हमने एक रोडमैप, एक विजन दिया है और हम स्पष्ट हैं कि हम बिहार को नंबर वन बनाएंगे। वे केवल नकारात्मक बातें करते हैं और हमारे नेताओं पर आरोप लगाते हैं।
घोषणा पत्र में हो सकते हैं कई बड़े ऐलान
महागठबंधन के घोषणा पत्र में कई बड़े ऐलान हो सकते हैं। मेनिफेस्टो में गठबंधन का खास फोकस महिलाओं, बेरोजगारों, खेती किसानों पर रह सकता है।
घोषणा पत्र में सबसे बड़ा वादा हर घर नौकरी का हो सकता है। तेजस्वी यादव खुद इसका बीते दिनों ऐलान कर चुके हैं कि बिहार में उनकी सरकार बनने पर हर घर सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने से लेकर मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य बीमा और किसानों को लेकर भी बड़े वादे शामिल हो सकते हैं।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 28 October 2025 at 13:33 IST