अपडेटेड 24 September 2025 at 16:28 IST
Bihar: CWC बैठक के बाद खड़गे ने वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ वाला अलापा राग, BJP बोली- 85 साल बाद बिहार की याद, जवाब तो देना पड़ेगा
बिहार चुनाव को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कांग्रेस ने पटना में आयोजित CWC की बैठक में फिर से 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाया तो BJP ने पलटवार करते हुए कहा भ्रम फैलान बंद कर दें।
आजादी के बाद पहली बार बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पटना के सदाकत आश्रम में आयोजित बैठक में बिहार चुनाव पर मंथन चला। मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ वाला मुद्दा उठाया तो BJP ने कांग्रेस से सवाल किया कि आखिरकार 85 साल बाद बिहार की याद अचानक कैसे आ गई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कहा, पटना में CWC की बैठक बेहद महत्त्वपूर्ण है। हम ऐसे समय में मिल रहे हैं, जब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत चिंताजनक और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारी मुसीबतें नरेंद्र मोदी की सरकार की कूटनीति की विफलता है। प्रधानमंत्री जिसे दोस्त बताकर ढिंढोरा पीटते हैं, वो ही दोस्त भारत को अनेकों को संकट में डाल रहे हैं।
खड़गे ने फिर वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ वाला अलापा राग
वहीं, 'वोट चोरी' के सवालों के जवाब में खड़गे ने कहा, वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ की जा रही है। पारदर्शिता लोकतंत्र का आधार है,ह मगर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। वो जवाब देने के बजाय हमसे ही एफिडेविट मांग रहे हैं, हम से ही सबूत मांग रहे हैं। बिहार की तर्ज पर देश में लाखों लोगों के वोट काटने की साजिश रची जा रही है। महात्मा गांधी का दिया स्वदेशी का मंत्र पीएम मोदी को आज याद आ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव केंद्र सरकार के अंत की शुरुआत होगा।
बिहार में CWC की बैठक पर BJP ने उठाया सवाल
दूसरी ओर बीजेपी की ओर से रवि शंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेसे से तीखे सवाल किए। उन्होंने कहा, "पटना में कांग्रेस पार्टी का कार्यालय सदाकत आश्रम भारत की आजादी के आंदोलन का केंद्र रहा है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद देश के पहले राष्ट्रपति थे, लेकिन प्रधानमंत्री नेहरू उन्हें पहला राष्ट्रपति नहीं बनने देना चाहते थे। प्रधानमंत्री नेहरू उन्हें राष्ट्रपति के रूप में दूसरा कार्यकाल नहीं देना चाहते थे। जय प्रकाश नारायण जी को गिरफ्तार किया गया था लेकिन क्या तब आपने(कांग्रेस) बिहार की चिंता की थी? इन्होंने जगजीवन राम को भारत का प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया था। आज आप(कांग्रेस) बिहार की चिंता कर रहे हैं तो मैंने जानने की कोशिश की कि इन्हें अचानक बिहार में इतनी रूचि क्यों हो गई है।"
85 साल बाद बिहार की चिंता क्यों-रविशंकर
रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा, 'कांग्रेस ने कभी लूट का विरोध नहीं किया। राहुल गांधी बिहार के अपमान पर चुप रहे। 85 साल बाद अब उन्हें बिहार की चिंता हुई है तो हिसाब तो देना पड़ेगा। बिहार में चुनाव चाहे एक, दो या छह चरण में हो, एनडीए ही जीतेगी। राहुल गांधी को क्या परेशानी है, तेजस्वी को मुख्यमंत्री के लिए क्यों नहीं घोषित किया। कांग्रेस का स्वभाव है बिना ड्राइविंग सीट रह नहीं सकती। मगर कांग्रेस का खाता अगले 20-25 साल तक नहीं खुलेगा।'
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 24 September 2025 at 15:08 IST