अपडेटेड 11 November 2025 at 23:08 IST

Bihar Election: तेजस्वी की ताजपोशी का सपना रह जाएगा अधूरा? बंपर वोटिंग के बाद Exit Poll ने बढ़ाई महागठबंधन की टेंशन, तो NDA गदगद

Bihar Election: बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हुए हैं। पहले चरण में 121 सीटों के लिए 6 नवंबर को वोटिंग हुई थी। वहीं, दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग हुई। इन दोनों चरणों में डाले गए वोटों की गिनती 14 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को की जाएगी।

Follow :  
×

Share


नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और सम्राट चौधरी (फाइल फोटो) | Image: JDU/RJD/Samrat Choudhary/X

Bihar Election: बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों के मतदान अब समाप्त हो चुके हैं। दोनों फेजों की वोटिंग को मिलाकर ऐतिहासिक 66.91 फीसदी मतदान हुआ है। इनमें महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया है। जी हां, दोनों चरणों के मतदान में जहां पुरुषों का मतदान प्रतिशत 62.8 फीसदी रहा है, वहीं महिलाओं का मतदान 71.6 फीसदी है।

बिहार में बंपर वोटिंग के बाद अब सभी की नजरें 14 नवंबर को आने वाले इसके नतीजों पर हैं। जहां एक ओर रिकॉर्डतोड़ मतदान ने प्रदेश में विपक्षी गठबंधन यानी महागठबंधन की बड़े बदलाव की उम्मीद को मजबूत किया है, वहीं चुनाव के बाद के एग्जिट पोल्स ने एनडीए को एक बार फिर से बिहार में सत्ता में आने की संभावना को और बढ़ा दी है। 
अब यहां सवाल यह है कि क्या बंपर वोटिंग के बाद Exit Poll ने महागठबंधन की टेंशन को बढ़ा दी है? क्या तेजस्वी की ताजपोशी का सपना अधूरा रह जाएगा या फिर महागठबंधन की मानें तो बंपर वोटिंग बिहार में बड़े परिवर्तन को आमंत्रित कर सकती है...

ECI

बिहार में महागठबंधन और एनडीए में मुकाबला

राजनीति जानकारों की मानें तो बिहार चुनाव में महागठबंधन और एनडीए में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला है और यह नतीजे वाले दिन भी दिख सकता है। 
यहां बता दें कि विपक्षी महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (सीपीआई-एमएल), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीएम) और मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं। वहीं, सत्ताधारी एनडीए में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं।

बिहार में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के साथ एक तीसरा मोर्चा भी उभरा है, जिसने सभी सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ा। लेकिन यहां टक्कर महागठबंधन और एनडीए में ही मानी जा रही है। यहां हम सवाल तेजस्वी की ताजपोशी पर इसलिए भी कर रहे हैं क्योंकि महागठबंधन ने अपनी ओर से सीएम का चेहरा लालू यादव के छोटे लड़के और पूर्व उप मुख्यमंत्री राजद नेता तेजस्वी यादव को बनाया है, जबकि एनडीए ने सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ने का फैसला किया था।

Exit Poll ने बढ़ाई महागठबंधन की टेंशन तो NDA गदगद

एक ओर जहां Exit Poll ने महागठबंधन की टेंशन बढ़ा दी है तो वहीं, दूसरी ओर NDA इससे गदगद दिख रहा है। Chanakya Strategies ने बिहार में NDA को बहुमत दिया है। Chanakya Strategies के Exit Poll में NDA 130-138 सीट, महागठबंधन को 100-108 और अन्य को 3-5 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं,  MATRIZE-आईएएनएस के एग्जिट पोल में NDA को 147-167 सीट मिल सकती है, जबकि विपक्ष के महागठबंधन को 70-90 सीट से संतोष करना पड़ सकता है।

हम यहां करीब 11 एजेंसियों के एग्जिट पोल्स के Poll of Polls बता रहे हैं। इसमें साफ दिखा है कि एनडीए एक बार फिर से बिहार में सरकार बना सकता है। वहीं, महागठबंधन सत्ता से दूर दिख रहा है। Poll of Polls के अनुसार, एनडीए को 146-162 सीटें, महागठबंधन को 75-90 सीटें और अन्य के खाते में 2-6 सीटें जाती दिख रही हैं।

हालांकि, ऐसा नहीं है कि एग्जिट पोल्स हमेशा सही ही तो हैं। कई बार ये गलत भी साबित हुए हैं। यहां हम पिछले विधानसभा चुनाव यानी साल 2020 बिहार चुनाव के एग्जिट पोल्स को ही देख लेते हैं।

साल 2020 में गलत साबित हुए थे एग्जिट पोल्स 

साल 2020 बिहार चुनाव में India Today-Axis My India Exit Poll ने महागठबंधन को 139 से 161 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। NDA को 69 से 91 सीटें, लोजपा को 3-5 सीटें का अनुमान था। तब Today's Chanakya (CNN News18) Exit Poll ने महागठबंधन को 180 सीटें का अनुमान लगाया गया था। मतलब कि भारी बहुमत से महागठबंधन की सरकार बनने की संभावना जताई गई थी। NDA को 55 सीटें और अन्य दलों को 8 सीटों का अनुमान लगाया गया था।

लेकिन साल 2020 में बिहार विधानसभा चुनाव के जब नतीजे आए, तब लगभग सभी एग्जिट पोल्स गलत साबित हुए थे। अगर एक लाइन में बोले तो अनुमान लगाया गया था कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बन सकती है लेकिन नतीजे आने के बाद मालूम हुआ कि बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बन रही है।
10 नवंबर 2020 को आए नतीजों में एनडीए को 125 सीटें मिली थीं। इसमें भाजपा को 74, जदयू को 43, हम को 4 और वीआईपी को 4 सीटें मिली थीं। बात महागठबंधन की करें तो इसके खाते में 110 सीटें आईं थीं। इसमें राजद को 75, कांग्रेस को 19, CPI-ML को 12, CPI को 2 और CPM को 2 सीटें मिलीं थीं। एनडीए ने साल 2020 में बहुमत का आंकड़ा यानी 122 से अधिक 125 सीटें लाकर एक बार फिर से अपनी सरकार बनाई थी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बने थे।

14 नवंबर को पता चल जाएगा किसकी बनेगी सरकार

अनुमान, एग्जिट पोल्स ये सभी एक तरह से संभावनाएं हैं। लेकिन वास्तविक परिणाम 14 नवंबर 2025 को दिखेंगे। जी हां, बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हुए हैं। पहले चरण में 121 सीटों के लिए 6 नवंबर को वोटिंग हुई थी। वहीं, दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग हुई। इन दोनों चरणों में डाले गए वोटों की गिनती 14 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को की जाएगी। मतलब कि 14 नवंबर को ही बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आएंगे और इसी दिन मालूम हो जाएगा कि क्या बिहार में फिर से एनडीए की सरकार आ रही है या फिर कोई बड़ा परिवर्तन होगा और महागठबंधन अपनी नई सरकार बनाएगी। 

ये भी पढ़ें - Bihar Exit Poll 2025 Live : बिहार में फिर राज करेंगे नीतीश कुमार? Exit Poll में NDA को मिल रहा बहुमत 
 

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 11 November 2025 at 23:08 IST