अपडेटेड 14 November 2025 at 19:40 IST

Bihar Election Result: जब चल रही है मोदी-नीतीश की आंधी, तब बेटे ओसामा ने बचाया पिता शहाबुद्दीन का गढ़; लहराया शानदार जीत का परचम

Raghunathpur Election Result 2025, Osama Shahab: वैसे रघुनाथपुर को राजद का गढ़ माना जाता है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी राजद की ही यहां से जीत हुई थी। यहां से साल 2020 में राजद के हरिशंकर यादव जीते थे। उन्होंने लोजपा के मनोज सिंह को हराया था। 2015 में भी राजद से ही हरिशंकर यादव ने रघुनाथपुर सीट से जीत हासिल की थी।

Follow :  
×

Share


ओसामा शहाब और इनसेट में मो. शहाबुद्दीन (फाइल फोटो) | Image: Osama Shahab/X/Social Media

Raghunathpur Election Result 2025, Osama Shahab: आज बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद यह साफ हो गया है कि एक बार फिर से बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। वहीं, महागठबंधन को सत्ता में आने की एक और कोशिश के लिए अगले पांच साल तक इंतजार करना पड़ेगा।

हालांकि, एनडीए और मोदी-नीतीश की इस आंधी में सिवान जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में राजद की लालनेट नहीं बुझी। यहां से पूर्व सांसद और बाहुबली नेता दिवंगत शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब ने बड़ी जीत हासिल की है। इस जीत के साथ वे पहली बार बिहार विधानसभा सदस्य भी बन रहे हैं।

बता दें कि यह सीट प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में चर्चा में थी। इसका कारण यह था कि राजद के द्वारा ओसामा को टिकट दिए जाने पर प्रधानमंत्री से लेकर गृह मंत्री, यूपी के सीएम योगी से लेकर असम के सीएम हेमंता तक, सभी ने इस सीट को लेकर राजद और ओसामा को निशाने पर लिया था। एनडीए सवाल यह उठा रहा था कि राजद ने एक अपराधी, बाहुबली और कई मामलों के आरोपी रहे शहाबुद्दीन के लड़के ओसामा शहाब को टिकट देकर एक बार फिर से सिवान की धरती को जंगलराज की ओर धकेलने की कोशिश की है। हालांकि, प्रदेश में तो महागठबंधन की सरकार नहीं बनने जा रही है लेकिन रघुनाथपुर से राजद के प्रत्याशी ओसामा शहाब की जीत हो गई है।

ओसामा शहाब को मिले 88 हजार से अधिक वोट 

सिवान जिले की कुल 8 विधानसभा सीटों में एक सीट रघुनाथपुर विधानसभा भी है। यहां से एनडीए की ओर से जदयू के विकास कुमार सिंह चुनावी मैदान में थे। वहीं, महागठबंधन की ओर से ओसामा शहाब राजद के टिकट पर चुनाव लड़े थे।

ओसामा ने रघुनाथपुर विधानसभा सीट से चुनाव को जीत लिया है। उन्होंने जदयू के विकास कुमार सिंह को 9 हजार से अधिक वोटों से हराया है। ओसामा शहाब को कुल 88,278 वोट मिले हैं। ओसामा ने इस सीट पर 9248 वोटों से जीत हासिल की है।

जदयू के प्रत्याशी विकास कुमार सिंह को कुल 79030 वोट मिले हैं। रघुनाथपुर में तीसरे स्थान पर जन सुराज रही है। प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज से राहुल कीर्ति ने चुनाव लड़ा था और उन्हें 3071 वोट मिले हैं।

रघुनाथपुर से ओसामा शहाब की जीत Image- ECI)

राजद का गढ़ रहा है रघुनाथपुर 

वैसे रघुनाथपुर को राजद और शहाबुद्दीन का गढ़ माना जाता है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी राजद की ही यहां से जीत हुई थी। यहां से साल 2020 में राजद के हरिशंकर यादव जीते थे। उन्होंने लोजपा के मनोज सिंह को हराया था।

2015 में भी राजद से ही हरिशंकर यादव ने रघुनाथपुर सीट से जीत हासिल की थी। इस दौरान भी उन्होंने मनोज सिंह को ही हराया था, लेकिन इस बार मनोज बीजेपी के टिकट पर चुनावी मैदान में थे। 2020 में हरिशंकर सिंह को 67,757 वोट और 2015 में 61 हजार से अधिक वोट मिले थे। 
 

ये भी पढ़ें - Bihar Election Result 2025: जहां हुई दुलारचंद यादव की हत्या, उस मोकामा सीट पर अनंत सिंह की प्रचंड जीत; जानिए किसे कितने वोट मिले

Published By : Sujeet Kumar

पब्लिश्ड 14 November 2025 at 19:39 IST