अपडेटेड 25 October 2025 at 16:18 IST
'लठबंधन, जिनका भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड है, वे बिहार का विकास कर सकते हैं? मोदी जी नीतीश जी, जिनका चार आने...', खगड़िया में गरजे अमित शाह
शाह ने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए उसे 'लठबंधन' करार दिया और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए सवाल किया, "महागठबंधन, लठबंधन, जिनका भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड है, क्या वे बिहार का विकास कर सकते हैं?"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को खगड़िया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बिहार के मतदाताओं से 'जंगलराज' की वापसी या 'विकास के राज' के बीच चयन करने का आह्वान किया। शाह ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला और मतदाताओं को उनके अतीत के शासनकाल की याद दिलाई।
शाह ने अपने भाषण की शुरुआत में कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार ने बिहार को नक्सलवाद से मुक्त करने का काम किया है। उन्होंने जोर देकर कहा, "यह चुनाव तय करेगा कि बिहार में जंगलराज वापस लाना है या विकास का राज। क्या आप जंगलराज चाहते हैं?" उन्होंने सीधे तौर पर आगाह करते हुए कहा, "अगर लालू-राबड़ी की सरकार सत्ता में आई, तो जंगलराज भी साथ आएगा।"
इसके विपरीत, उन्होंने NDA के शासन में 'विकसित बिहार' के सपने को साकार करने की बात कही। शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि "NDA की सरकार बनी, तो विकसित बिहार की पहचान पूरे भारत में होगी।"
शाह ने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए उसे 'लठबंधन' करार दिया और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए सवाल किया, "महागठबंधन, लठबंधन, जिनका भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड है, क्या वे बिहार का विकास कर सकते हैं?"
उन्होंने बिहार के विकास के लिए केवल दो नेताओं पर भरोसा जताया: नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार। शाह ने कहा कि "केवल नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार, जिन पर चार आने का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है, बिहार का विकास कर सकते हैं।" उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे सोच-समझकर अपने वोट का इस्तेमाल करें।
शाह ने NDA गठबंधन को 'पांच पांडव' बताते हुए जनता से अपील की कि वे इस गठबंधन को आशीर्वाद दें और विजयी बनाएं। मालूम हो कि गृह मंत्री का यह संबोधन आगामी चुनावों के मद्देनजर है।
Published By : Subodh Gargya
पब्लिश्ड 25 October 2025 at 16:18 IST