अपडेटेड 10 November 2025 at 08:52 IST
Bihar Election: चुनाव के लिए सीतामढ़ी गए 10 पुलिसकर्मी गायब! लिस्ट में 7 महिला सिपाही भी शामिल; जब पुलिस मुख्यालय तक पहुंची बात, फिर...
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। चुनाव में अपनी ड्यूटी के लिए सीतामढ़ी गए 10 पुलिसवाले गायब बताए जा रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। चुनाव में अपनी ड्यूटी के लिए सीतामढ़ी गए 10 पुलिसवाले गायब बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, ये लोग अपने घर से निकले तो जरूर थे, लेकिन अपनी ड्यूटी के लिए नहीं पहुंचे।
जब पुलिस मुख्यालय तक ये बात पहुंची तो इन 10 पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। आपको बता दें कि चुनाव में पुलिस प्रशासन की बेहद अहम भूमिका होती है, जिससे चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
ऐसे में इन पुलिसवालों की गैरमौजूदगी को एक बड़ी लापरवाही की तरह देखा जा रहा है। आपको बता दें कि बिहार में 11 नवंबर को दूसरे चरण की वोटिंग है और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।
1153 सिपाहियों को सीतामढ़ी पहुंचना था
पटना पुलिस हेडक्वार्टर ने पुलिसकर्मियों के लिए एक आदेश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि 1153 पुलिसकर्मी सीतामढ़ी, 577 गयाजी, 49 शिवहर, 578 भागलपुर, 308 जमुई, 67 अरवल और 697 पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के लिए नवादा जाएंगे।
रिपोर्ट के अनुसार, सभी पुलिसकर्मियों ने टाइम पर अपनी ड्यूटी पर पहुंच गए। हालांकि, सीतामढ़ी के लिए निकले 10 पुलिसकर्मी गायब हो गए। उन्होंने अपनी नियुक्ति मिलने के बाद भी ड्यूटी के लिए रिपोर्ट नहीं किया।
तत्काल प्रभाव से रोका गया वेतन
पुलिस मुख्यालय तक बात पहुंचने के बाद इन सभी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। आदेश में कहा गया है कि इन सभी पुलिसकर्मियों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। इसके अलावा, इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
आपको बता दें कि गायब बताए गए पुलिसकर्मियों में 7 महिला सिपाही भी शामिल हैं। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन को सख्त हिदायत दी गई है कि ऐसी लापरवाही आगे ना दिखाई जाए।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 10 November 2025 at 08:52 IST