अपडेटेड 14 October 2025 at 20:48 IST

'सरकार नीतीश जी की बनेगी, हम 1 लाख वोट से जीतेंगे...', मोकामा से नामांकन के बाद अनंत सिंह का बड़ा दावा

Anant Singh: वर्ष 2005 में अनंत सिंह ने मोकामा विधानसभा से चुनाव लड़ा और वह पहली बार विधायक बनें। 2005 में बिहार में दो बार विधानसभा के चुनाव हुए थे और दोनों ही बार मोकामा से अनंत सिंह ने जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।

Follow :  
×

Share


अनंत सिंह | Image: Janata Dal (United)/X

Anant Singh: पटना जिले के मोकामा विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर से बाहुबली अनंत सिंह ने नामांकन भरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पटना में नामांकन कराने के लिए अनंत सिंह खुली जीप में सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचे। मोकामा में पहले चरण यानी 6 नवंबर को मतदान है।  

यहां बता दें कि मोकामा सीट से अभी अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी विधायक हैं। वह लालू की पार्टी राजद से MLA हैं। आइए जानते हैं कि मोकामा सीट से अनंत सिंह का कैसा जुड़ाव रहा है और उनके लिए यह सीट कितनी खास है...

खुली जीप से नामांकन कराने पहुंचे अनंत सिंह

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, पटना में मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह बिहार चुनाव 2025 के लिए अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे। वे यहां सुरक्षा के बीच जीप से पहुंचे। इस दौरान अनंत सिंह यानी छोटे सरकार के साथ उनकी समर्थकों की फौज थी। इस खास मौके पर समर्थक अनंत सिंह जिंदाबाद समेत कई नारे लगा रहे थे।

हम 1 लाख के अंतर से जीतेंगे - अनंत सिंह 

नामांकन पत्र भरने के बाद अनंत सिंह ने दावा किया कि वे एक लाख के अंतर से जीतेंगे और विरोधी का जमानत जब्त हो जाएगा। मोकामा में न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए अपने नामांकन पर मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह ने कहा, "हम 1 लाख के अंतर से जीतेंगे। विरोधी का जमानत जब्त हो जाएगा... हम शुरू से उनके(नीतीश कुमार) साथ हैं। नीतीश कुमार और भाजपा की सरकार बनेगी।"  अनंत सिंह ने विरोधी को लेकर कहा कि लड़ते-लड़ते दम फूलल है। 

अनंत सिंह की विधायकी रद्द होने के बाद मोकामा में हुआ उप चुनाव

साल 2022 में मोकामा में उप चुनाव हुआ था। यह चुनाव इसलिए कराया गया था क्योंकि आर्म्स एक्ट के एक मामले में 10 साल की सजा मिलने पर अनंत सिंह की विधायकी चली गई थी। मतलब कि उनकी बिहार विधानसभा सदयस्ता रद्द कर दी गई थी।

अनंत सिंह के जेल जाने पर उनकी पत्नी नीलम देवी राजद के टिकट पर मोकामा उप चुनाव लड़ीं। उन्होंने इस उप चुनाव में बीजेपी की उम्मीदवार सोनम देवी को करीब 16 हजार से अधिक वोटों से हराया था। अब अनंत सिंह जेल से बाहर हैं और एक बार फिर से चुनावी मैदान में आ गए हैं।


2005 में अनंत सिंह बने पहली बार विधायक

वर्ष 2005 में अनंत सिंह ने मोकामा विधानसभा से चुनाव लड़ा और वह पहली बार विधायक बनें। 2005 में बिहार में दो बार विधानसभा के चुनाव हुए थे और दोनों ही बार मोकामा से अनंत सिंह ने जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।

साल 2010 में अनंत सिंह ने मोकामा विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव जीता और विधायक बनकर जीत की हैट्रिक लगाई।


2015 में मोकामा सीट से निर्दलीय अनंत सिंह की हुई थी जीत

अब बात 2015 विधानसभा चुनाव की करते हैं। हत्या करने, हत्या की कोशिश आदि समेत कई गंभीर आरोप लगने के कारण अनंत सिंह को जदयू ने टिकट नहीं दिया। इन आरोपों में अनंत सिंह जेल में बंद थे। लेकिन कहा जाता है कि मोकामा अनंत सिंह का गढ़ है और इसको उन्होंने 2015 के चुनाव में जेल से निर्दलीय चुनाव लड़कर साबित भी कर दिया। 
जी हां, टिकट नहीं मिलने पर अनंत सिंह ने 2015 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय दावा ठोका और जदयू के नीरज सिंह को 18 हजार से अधिक वोटों से हरा दिया।


मोकामा 2020 विधानसभा चुनाव

अब बात करते हैं वर्ष 2020 में मोकामा में हुए विधानसभा चुनाव की। इस चुनाव में अनंत सिंह ने राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने इस चुनाव में जदयू के राजीव लोचन नारायण सिंह को करीब 35 हजार से अधिक वोटों से हराया था।

अब 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह एक बार फिर से जदयू के टिकट पर मोकामा से चुनावी मैदान में हैं।

14 नवंबर को आएंगे चुनाव के नतीजे 

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं, जिनके लिए वोटिंग होनी है। बीते दिनों भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार में कुल 2 चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी। प्रदेश में पहले चरण का चुनाव गुरुवार 6 नवंबर 2025 को होगा। दूसरे चरण का चुनाव मंगलवार 11 नवंबर 2025 को होगा। पहले फेज में कुल 121 सीटों के लिए वोटिंग होगी वहीं, दूसरे फेज में कुल 122 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी।

इसके नतीजे 14 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को आएंगे। किसी भी पार्टी या गठबंधन को बिहार में अपनी सरकार बनाने को लेकर बहुमत के लिए 122 सीटों पर जीतना जरूरी है। 

 

ये भी पढ़ें - सीट शेयरिंग पर नीतीश की नाराजगी की अटकलों पर JDU की पहली प्रतिक्रिया, ललन सिंह बोले- सबकुछ CM की जानकारी में है लेकिन महागठबंधन…

Published By : Amit Dubey

पब्लिश्ड 14 October 2025 at 17:19 IST