सीट शेयरिंग पर नीतीश की नाराजगी की अटकलों पर JDU की पहली प्रतिक्रिया, ललन सिंह बोले- सबकुछ CM की जानकारी में है लेकिन महागठबंधन...
सीट बंटवारे पर नीतीश कुमार की नाराजगी की चर्चा पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने यह भी बता दिया कि ऐसी चर्चाओं के पीछे किसका हाथ हैं और महागठबंधन में सब ठीक है या नहीं।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले NDA और महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। दोनों गठबंधनों में सहयोगी दलों के बीच सीटों के तालमेल को लेकर मतभेद बरकरार हैं। इस मुद्दे पर सहमति बनाने के लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है। जैसे ही बिहारी के सियासी गलियारों में NDA के सीट फॉर्मूले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश की नाराजगी की बात सामने आई है, इस पर बयानबाजी भी शुरू हो गई। अब केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने नीतीश कुमार की नाराजगी की बात को सिरे से खारिज कर दिया है।
सीट बंटवारे पर नीतीश कुमार की नाराजगी की चर्चा पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "अगर महागठबंधन के नेता चुनाव लड़ना चाहते हैं, तो उन्हें जनता के समर्थन से लड़ना चाहिए। इसलिए हम कहते हैं कि यह गठबंधन नहीं बल्कि ठगबंधन है। इस पार्टी में कोई भी नीतीश कुमार की सहमति के बिना आगे नहीं बढ़ता है। सीट बंटवारे से लेकर व्यक्तिगत सीटों के आवंटन तक, सब कुछ नीतीश कुमार की जानकारी में है और उनकी सहमति से किया जा रहा है।"
नीतीश की नाराजगी पर क्या बोले ललन सिंह?
ललन सिंह ने आगे कहा, "इन (महागठबंधन) लोगों को चुनाव में जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है, इसलिए वे दुष्प्रचार कर रहे हैं। नीतीश कुमार नाराज क्यों होंगे? NDA नीतीश कुमार के नेतृत्व में एकजुट है और उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा नीतीश कुमार NDA के सर्वमान्य नेता हैं, और हम उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं।"
नीतीश की नाराजगी की चर्चा क्यों?
पहले ऐसे खबर आई थी की नीतीश कुमार ने JDU के लिए 109 सीटों की मांग की थी। मगर BJP और JDU दोनों के खाते में 101-101 सीटें गई। अब नीतीश खासकर 9 सीटों के बंटवारे से बेहद नाराज हैं, जिनमें नालंदा, सोनवर्षा और सहरसा जैसी सीटें हैं, जो चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को दे दी गई हैं। सोनवर्षा की सीट चिराग पासवान की पार्टी दो दिये जाने से नीतीश खासे गुस्से में हैं। बता दें कि इस सीट पर वर्तमान में विधायक JDU के रत्नेश सदा हैं जो नीतीश कैबिनेट के मंत्री भी हैं।