Falta Repolling Results: पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर मतगणना आज, री-पोलिंग में हुई थी बंपर वोटिंग
दक्षिण 24 परगना की फलता सीट पर आज चुनाव नतीजे घोषित होंगे। 21 मई को हुए पुनर्मतदान में 86.11% वोटिंग हुई थी। TMC प्रत्याशी के पीछे हटने के बाद BJP, कांग्रेस और वाम मोर्चा में यहां मुकाबला है। पढ़ें पूरी खबर।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read
दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। इस सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड तोड़ 86.11 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया। तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी जहांगीर खान के नामांकन वापस लेने के बाद अब मुख्य लड़ाई बीजेपी, कांग्रेस और वाम मोर्चा के बीच है।
क्यों पड़ी रि-पोलिंग की जरूरत?
इस सीट पर पहले 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। लेकिन कई पोलिंग बूथों पर गड़बड़ी की शिकायतें मिलने के बाद चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान कराने का फैसला किया। 21 मई को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण पुनर्मतदान संपन्न हुआ।
चुनाव आयोग ने इस बार सुरक्षा को और मजबूत किया था। 35 कंपनियां केंद्रीय बल और 30 क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गईं। हर बूथ पर चार की जगह आठ जवान तैनात थे। इलाके के लोगों ने बताया कि उन्हें कई साल बाद बिना किसी डर के वोट डालने का मौका मिला।
कौन-कौन है प्रत्याशी?
तृणमूल कांग्रेस ने जहांगीर खान को टिकट दिया था, लेकिन मतदान से ठीक 48 घंटे पहले उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। उनके घर और पार्टी कार्यालय पर ताला लगा मिला। मतदान के दिन पुलिस ने उनके करीबी सईदुल को गिरफ्तार भी किया। सईदुल पर 4 मई को भाजपा की रैली पर हमले का आरोप है। अब मुख्य मुकाबला बीजेपी के देबांग्शु पांडा, कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक और माकपा (वाम) के शंभुनाथ कुर्मी के बीच कड़ा मुकाबला है।
स्थानीय लोगों में इस बार काफी उत्साह दिखा। कई बुजुर्ग मतदाताओं ने कहा कि 10-15 साल बाद उन्हें शांतिपूर्ण माहौल में वोट डालने का मौका मिला है। पुनर्मतदान के दौरान कोई बड़ी घटना रिपोर्ट नहीं हुई, जो सुरक्षा व्यवस्था की सफलता को दिखाता है। नतीजों पर सभी की नजर टिकी हुई है। फलता सीट का परिणाम पूरे बंगाल की राजनीति पर भी असर डाल सकता है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 24 May 2026 at 07:02 IST