'शुरू तुमने किया, खत्म हम करेंगे', IPS अजय पाल शर्मा की सख्त चेतावनी पर TMC उम्मीदवार जहांगीर खान का पलटवार, बंगाल में वोटिंग से पहले मचा बवाल
Jahangir Khan vs IPS Ajay Pal Singh: IPS अजय पाल सिंह ने TMC उम्मीदवार जहांगीर खान को 'अच्छे से खबर' लेने की धमकी थी। इस सख्त चेतावनी पर अब IPS अजय पाल शर्मा ने पलटवार किया है।
Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले IPS अजय पाल शर्मा के बयान पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। उन्होंने TMC नेता को सख्त चेतावनी दी थी, जिस पर अब जहांगीर खान ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने जवाब देते हुए कहा, "खेल तुमने शुरू किया, खत्म हम करेंगे।"
‘पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त…’
IPS अजय पाल शर्मा का फाल्टा सीट से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान को चेतावनी देते हुए वीडियो वायरल हुआ और इस पर बवाल खड़ा हो गया। जहांगीर खान ने एक जनसभा में उनको और केंद्रीय सुरक्षा बलों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि ये लोग बहुत खेला दिखा रहे हैं। पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त, अभी तो खेल शुरू हुआ है।
जहांगीर ने आगे कहा कि कुछ लोग केंद्रीय बलों के साथ घूम रहे हैं और बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। लेकिन हमारे इलाके में, लोग ही असली ताकत हैं। अगर यहां के लोग सड़कों पर उतर आए, तो केंद्रीय बल उड़ जाएंगे। यहां हर मां दुर्गा का रूप है। ठीक वैसे ही जैसे मां दुर्गा राक्षसों को हराना जानती हैं, वैसे ही यहां की हमारी माताएँ भी उन केंद्रीय बलों से निपटना जानती हैं, जो यहां BJP के इशारे पर काम कर रहे हैं।
IPS अजय पाल ऑब्जर्वर के तौर पर तैनाती
अजय पाल शर्मा यूपी के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें यूपी का 'सिंघम' और 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' के नाम से भी जाना जाता है। बंगाल में दूसरे फेज की वोटिंग से पहले उनकी दक्षिण 24 परगना जिले में ऑब्जर्वर के तौर पर तैनाती हुई है।
IPS अजय पाल शर्मा जब TMC नेता और उम्मीदवार जहांगीर खान के समर्थकों द्वारा धमकाने की शिकायत मिली, तो वे तुरंत उनके घर पहुंच गए। जहां वे सख्त स्वर में चेतावनी देते हुए नजर आए।
‘कायदे से इलाज किया जाएगा…’
अजय पाल शर्मा का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसमें वे कह रहे हैं, "आसपास के जितने भी लोग हैं, अच्छी तरह से समझ लें कि अगर किसी ने बदमाशी की, तो उनका कायदे से इलाज किया जाएगा। अगर कहीं से खबर आ गई कि किसी ने कोई खुराफात करने की, किसी को परेशान करने की कोशिश की है, तो फिर उसकी खबर अच्छे से लेंगे हम। जहांगीर के घरवाले भी खड़े हैं, उसको बता देना कायदे से कि ये बार बार जो खबरें आ रही हैं कि उसके लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे फिर बाद में रोना पछताना मत।''
उनके इस वीडियो के वायरल होने के बाद बंगाल की राजनीति में वोटिंग से पहले बवाल मच गया। TMC के कई नेता उन पर भड़कते नजर आए। वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उनकी तैनाती पर सवाल उठाए और कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने ऑब्जवर के नाम पर रामपुर और संभल में टेस्ट किए हुए अपने एजेंट भेजे हैं, लेकिन इनसे कुछ होने वाला नहीं। दीदी हैं, दीदी रहेंगी।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 28 April 2026 at 12:56 IST