West Bengal Election: बंगाल चुनाव में CM ममता बनर्जी के खिलाफ स्मृति ईरानी ने भरी हुंकार, कहा- भ्रष्टाचार और TMC एक दूसरे के पर्यायवाची...
मालदा में स्मृति ईरानी ने TMC पर भ्रष्टाचार और हिंसा के गंभीर आरोप लगाए। स्मृति ईरानी ने पश्चिम बंगाल में भयमुक्त, भ्रष्टाचार-मुक्त और महिला-सम्मान वाली BJP सरकार की जरूरत पर जोर दिया। जानें और क्या कुछ कहा?
बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने पश्चिम बंगाल के मालदा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने साफ कहा कि भ्रष्टाचार और TMC, हिंसा और TMC अब एक-दूसरे के पर्यायवाची बन चुके हैं। ईरानी ने कहा- 'पश्चिम बंगाल की जनता ने ठान लिया है कि भ्रष्टाचार मुक्त पश्चिम बंगाल बनाने के लिए, भय के वातावरण को हटाने के लिए और महिला सम्मान को संरक्षित रखने के लिए भाजपा की सरकार पश्चिम बंगाल में स्थापित करना अनिवार्य हो चुका है।'
बंगाल में TMC शासन के दौरान भ्रष्टाचार बढ़ा- ईरानी
स्मृति ईरानी के मुताबिक, राज्य में TMC शासन के दौरान भ्रष्टाचार बढ़ा है और हिंसा की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा में नाकामी का भी आरोप लगाया। ईरानी ने जोर देकर कहा कि बंगाल की जनता अब इस स्थिति से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है। स्मृति ईरानी ने आरोप लगाया कि, महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की रक्षा नहीं हो पा रही।
बीजेपी नेता ने TMC सरकार की आलोचना की
स्मृति ने आगे कहा कि इन तीनों समस्याओं को हल करने के लिए एक मजबूत विकल्प की जरूरत है। उनका स्पष्ट संदेश था कि सिर्फ बीजेपी सरकार ही भयमुक्त और भ्रष्टाचार-मुक्त बंगाल बना सकती है। यह बयान पश्चिम बंगाल की सियासी हलचल के बीच आया है। राज्य में लंबे समय से TMC सरकार है और बीजेपी विपक्ष की भूमिका में उसकी नीतियों की लगातार आलोचना कर रही है। स्मृति ईरानी का यह भाषण स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा में है। फिलहाल अभी तक TMC की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, बीजेपी का दावा है कि बंगाल की जनता अब बदलाव के मूड में है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 2 April 2026 at 16:02 IST