West Bengal Election: काउंटिंग से 48 घंटे पहले फाल्टा में बवाल, सड़कों पर उतरे लोग, TMC पर लगाया धमकाने का आरोप; यहां दोबारा होगा मतदान? VIDEO

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले बवाल जारी है। अब फाल्टा में स्थानीय लोगों ने सड़कों पर आकर प्रदर्शन किया और TMC पर धमकाने के आरोप लगाए। कई महिलाओं समेत प्रदर्शनकारियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई।

Follow :  
×

Share


बंगाल के फाल्टा में प्रदर्शन | Image: ANI

West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल में 4 मई को विधानसभा चुनाव की होने वाली मतगणना से पहले बवाल मचा है। आज (2 मई) को दक्षिण 24 परगना के 15 मतदान केंद्रो पर दोबारा मतदान हो रहे हैं। इस बीच TMC प्रत्याशी जहांगीर खान के इलाके फाल्टा में भी हंगामा मचा है। यहां बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए हैं और प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने TMC पर धमकाने का भी आरोप लगाया। BJP ने फाल्टा में भी री-पोलिंग की डिमांड की है।

TMC पर लगाया धमकाने का आरोप

फाल्टा से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर नजर आ रहे हैं। इस दौरान वहां काफी हंगामा मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि TMC कार्यकर्ता उन्हें धमका रहे हैं। बवाल बढ़ता देख वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया।

महिलाओं को सुरक्षा की चिंता

कई महिलाओं समेत प्रदर्शनकारी निवासियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और कथित तौर पर इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एक स्थानीय महिला ने दावा किया, "टीएमसी के इसराफिल चौकीदार ने हमें धमकी दी है कि अगर ये लोग जीत गए तो वे हमारे घर जला देंगे और खून-खराबा करेंगे।"

एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी को वोट देने के बावजूद उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, "हमने टीएमसी को वोट दिया था, फिर भी उन्होंने हम पर हमला किया... हम चाहते हैं कि उसे गिरफ्तार किया जाए। हमें महिलाओं की सुरक्षा चाहिए।"

फाल्टा में लोगों के प्रदर्शन पर एडिशनल SP ने कहा, "अभी स्थिति नियंत्रण में है... लोगों की कुछ खास मांगें हैं। कुछ लोगों को धमकाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक केस भी दर्ज किया गया है। हमने उनकी मांगें सुन ली हैं।"

फाल्टा में BJP ने की दोबारा चुनाव की मांग

BJP का आरोप है कि फाल्टा इलाके में मतदान केंद्रों पर EVM में कमल के फूल निशान वाले बटन पर टेप लगाकर उसे छिपाने की कोशिश की गई। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो भी वायरल हुए थे। ऐसे में यहां भी री-पोलिंग की मांग की जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम-भवानीपुर से BJP उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मगरहट पश्चिम में जो कुछ भी हुआ, उसका स्वागत है। डायमंड हार्बर में और अधिक बूथों पर पुनर्मतदान होना चाहिए था। फाल्टा क्षेत्र में कम से कम 60 बूथों पर पुनर्मतदान होना चाहिए था।

पश्चिम बंगाल चुनावों में दोबारा वोटिंग पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि मुझे लगता है कि यह संख्या (15 बूथ) बहुत कम है और फाल्टा पर कोई फैसला नहीं आया है। वहां TMC ने कई EVM बटनों के साथ छेड़छाड़ की थी।

चुनाव आयोग आज ले सकता है फैसला

बता दें कि 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दिन कई जगह हिंसा और EVM के साथ छेड़छाड़ की खबरें आई थीं। सबसे ज्यादा 32 शिकायतें फाल्टा से ही आई थी। यहां भी दोबारा मतदान कराया जा सकता है। माना जा रहा है कि आज चुनाव आयोग इस पर बड़ा फैसला ले सकता है।

यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव की काउंटिंग से पहले TMC को बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग के काम में दखल देने से किया इनकार
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 2 May 2026 at 14:54 IST