कौन हैं योगी के 'सिंघम' IPS अजय पाल शर्मा? जिनकी बंगाल चुनाव में तैनाती से मचा घमासान, अखिलेश बोले- BJP ने टेस्ट किए हुए एजेंट भेजे

IPS Ajay Pal Sharma: IPS अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना जिले में ऑब्जर्वर के तौर पर तैनात किया गया है। उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वे TMC नेता और उम्मीदवार जहांगीर खान को सख्त लहजे में चेताते नजर आ रहे हैं। उनकी तैनाती पर सवाल उठ रहे हैं।

Follow :  
×

Share


आईपीएस अजय पाल शर्मा की तैनाती पर उठ रहे सवाल | Image: X

Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल में बुधवार (29 अप्रैल) दूसरे चरण के लिए मतदान होना है। इससे पहले यूपी के IPS अजय पाल शर्मा एकाएक चर्चाओं में आ गए हैं। दूसरे फेज की वोटिंग के बीच उन्हें दक्षिण 24 परगना इलाके में पुलिस ऑब्जर्वर बनाकर भेजा गया है, जिससे सियासी पारा हाई हो गया। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बंगाल चुनाव में उनकी एंट्री पर सवाल उठाए हैं।

अजय पाल शर्मा की तैनाती दक्षिण 24 परगना जिले में हुई है, जिसे तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और CM ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का प्रभावशाली क्षेत्र माना जाता है।

TMC नेता को चेताते हुए VIDEO वायरल

तैनाती के बाद IPS अजय पाल शर्मा सक्रिय हैं। वे लगातार संवेदनशील इलाकों का दौरा कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। उन्हें जब TMC नेता और उम्मीदवार जहांगीर खान के समर्थकों द्वारा धमकाने की शिकायत मिली, तो वे तुरंत उनके घर पहुंच गए। जहां वे सख्त स्वर में चेतावनी देते हुए नजर आए।

IPS अजय पाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सीधा जहांगीर का नाम लेकर दो टूक कहते दिख रहे हैं कि उसे (जहांगीर) समझा देना कि अगर लोगों को धमकाने की दोबारा शिकायत आई तो उससे 'सही तरीके' से निपटेंगे। किसी ने भी बदमाशी की तो अंजाम बुरा होगा।

तैनाती पर भड़की TMC, अखिलेश ने भी सवाल उठाए 

उनकी तैनाती के बाद बंगाल चुनाव में हलचल तेज है। TMC नेता रिजू दत्ता ने उन्हें भ्रष्ट अधिकारी करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑब्जर्वर के रूप में तैनात यह अधिकारी प्रभावशाली TMC नेताओं के घर जाकर उनके लोगों और परिवार वालों को बेवजह धमका रहा है।

वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उनकी तैनाती पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने ऑब्जवर के नाम पर रामपुर और संभल में टेस्ट किए हुए अपने एजेंट भेजे हैं, लेकिन इनसे कुछ होने वाला नहीं। दीदी हैं, दीदी रहेंगी।

उन्होंने आगे कहा कि सही समय आने पर भाजपा और उनके संगी-साथियों के इन जैसे ‘एजेंडों के एजेंटों’ की सारी आपराधिक करतूतों की गहरी जांच होगी और बेहद सख्त दंडात्मक कार्रवाई भी। ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं। हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे। ये खोज के लाए जाएंगे, खोद के लाए जाएंगे और अपने कुकृत्यों के लिए कानूनी सजा भी पाएंगे। लोकतंत्र के अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे।

कौन हैं अजय पाल शर्मा? 

अजय पाल शर्मा साल 2011 बैच के यूपी कैडर के अधिकारी हैं। सख्त रवैये के चलते उन्हें यूपी का 'सिंघम' और 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' के नाम से भी जाना जाता है। वे अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। शामली, नोएडा, जौनपुर और रामपुर जैसे जिलों में अपनी पोस्टिंग के दौरान उन्होंने अपराधियों के खिलाफ बड़े अभियान चलाए और कई एनकाउंटर का नेतृत्व भी किया। अजय पाल शर्मा मूल रूप से लुधियाना के रहने वाले हैं। फिलहाल वे तैनाती प्रयागराज में ज्वाइंट सीपी के पद पर तैनात हैं।

यह भी पढ़ें: 'भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए...', PM मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों के नाम लिखा ओपन लेटर, जानें क्या-क्या कहा

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 28 April 2026 at 08:23 IST