'अपने घर में कुत्ता भी शेर...', वोटिंग के बीच ऐसा क्यों बोले दिलीप घोष? पश्चिम बंगाल के हालात को बताया जम्मू-कश्मीर से बदतर

खड़गपुर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में पश्चिम बंगाल की हालत जम्मू कश्मीर से भी ज्यादा खराब है।

Follow :  
×

Share


Dilip Ghosh Mamata Banerjee | Image: ANI

Dilip Ghosh Targets TMC: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण की वोटिंग के बीच बीजेपी नेता दिलीप घोष ने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में राज्य की हालत जम्मू कश्मीर से भी ज्यादा खराब है।

खड़गपुर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने यूपी कैडर के तेज तर्रार IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा को लेकर जारी बवाल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। साथ ही कहा कि यहां की पुलिस टीएमसी नेता के घर में जाकर काम करती थी, उनके हाथ-पैर दबाती थी। लेकिन अब वही पुलिस उनका गला दबाएगी।  

हमारी लड़ाई चुनाव के लिए नहीं- दिलीप घोष

दिलीप घोष ने कहा, 'बीजेपी के लिए कोई 'करो या मरो' वाला मुकाबला नहीं है। 70-75 साल से राजनीति कर रहे हैं और धीरे-धीरे हम आगे बढ़े हैं। आज 21 राज्यों में हमारी सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 3 बार प्रधानमंत्री चुना गया। हमारी लड़ाई चलती रहती है। हमारी लड़ाई केवल चुनाव के लिए नहीं है। समाज परिवर्तन के लिए हम आए हैं। लोगों की जिंदगी में परिवर्तन हो, लोगों को परिवर्तन दिखे, विकास दिखे इस प्रकार की लड़ाई हम लड़ रहे हैं। हमारे लिए यह एक प्रकार की यात्रा है। हम लड़ते रहेंगे और आगे बढ़ते रहेंगे।'

वह दूसरे चरण की वोटिंग के लिए लोगों में दिख रहे उत्साह पर बोले, 'लोग वोट डालने के लिए तैयार हैं। जहां पहले 60-65% मतदान होता था, वहीं अब 90-95% मतदान हो रहा है। इस बार चुनाव आयोग की सख्ती ने लोगों का मनोबल और भी बढ़ा दिया है।'

‘जम्मू कश्मीर से ज्यादा खराब पश्चिम बंगाल के हालात’

उन्होंने आगे टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा, 'पश्चिम बंगाल की स्थिति आज जम्मू कश्मीर से भी ज्यादा खराब है। कश्मीर सुधर गया, वहां पत्थरबाजी नहीं होती, सेना का कोई अपमान नहीं करता, लेकिन बंगाल में ऐसा होता है। यहां सेंट्रल फोर्स और पुलिस पर हमला किया जा रहा है। हमारे उम्मीदवारों पर हमला किया जा रहा है। यहां पर डराने का चला आ रहा सिलसिला अभी भी जारी है। लेकिन वोटिंग पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। सामान्य जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। जनता वोट करने के लिए सुबह से लाइन में खड़ी है।'

टीएमसी में अधिकतर लोग अपराधी- बीजेपी नेता

बीजेपी नेता ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने को लेकर कहा, 'जिन्हें टीएमसी ने अपना कार्यकर्ता बनाया है वह सभी असामाजिक हैं। टीएमसी में अधिकतर लोग अपराधी हैं। इन्हीं अपराधियों ने टीएमसी पर कब्जा कर लिया है। ऐसे में अपराधियों को पकड़ा जा रहा है, तो उसमें टीएमसी का आना लाजमी है। विधायक, सांसद और मंत्री भी अपराधी हैं। ऐसे में बंगाल की राजनीति से ऐसे लोगों का सफाया होना चाहिए।

अपने घर में कुत्ता भी शेर- दिलीप घोष

यूपी के 'सिंघम' कहे जाने वाले IPS अधिकारी अजय पाल को लेकर जारी घमासान पर कहा, ' अपने घर में कुत्ता भी शेर होता है। यहां की पुलिस टीएमसी नेता के घरों में जाकर काम करते थे। हाथ पांव दबाते थे। वही पुलिस वाले 4 मई के बाद टीएमसी वालों का गला दबाएंगे।'

यह भी पढ़ें: 'बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए ये तरीका...', RG Kar रेप पीड़िता के पिता हुए भावुक, मां बोलीं- हमें न्याय जरूर मिलेगा

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 29 April 2026 at 09:04 IST