अपडेटेड 19 March 2026 at 21:39 IST
जब 25 साल तक MP रहने वाले दिग्गज कांग्रेसी अधीर रंजन चौधरी को इस क्रिकेटर ने दे दी मात... अब भारी मन से विधायकी का लड़ेंगे चुनाव?
Bengal Election 2026 Adhir Ranjan Chowdhury: बंगाल की राजनीति में कांग्रेस अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नई रणनीति अपनाने जा रही है। यही कारण है कि पार्टी कांग्रेस के पूर्व सांसद और दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी को विधानसभा उम्मीदवार बनाने पर विचार कर रही है।
Bengal Election 2026 Adhir Ranjan Chowdhury: बंगाल कांग्रेस में एक नया मोड़ आने वाला है। दरअसल, 2024 के लोक सभा चुनाव में पश्चिम बंगाल के बहरामपुर संसदीय क्षेत्र से हारने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पांच बार के सांसद अधीर रंजन चौधरी विधायकी लड़ने की प्लानिंग कर रहे हैं। माना जा रहा है, उन्होंने यह कदम कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की सलाह के बाद उठाया है।
85000 से ज्यादा वोटों से मिली थी हार
बता दें, कांग्रेस के पूर्व सांसद को 2024 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के स्टार उम्मीदवार और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान से करारी हार झेलनी पड़ी थी। यूसुफ ने अधीर रंजन को 85,000 से अधिक वोटों के अंतर से हरा दिया था। इसी हार के साथ ही कांग्रेस ने बहरामपुर सीट पर अपनी राजनीतिक पकड़ खो दी थी, जो बंगाल में पार्टी की इकलौता गढ़ माना जा रहा था। उस दौरान कांग्रेस को केवल एक सीट मालदा दक्षिण पर जीत मिली थी।
कमबैक की कोशिश में है कांग्रेस
इसके बाद से कांग्रेस राज्य में लगातार कमबैक करने की कोशिश कर रही है। यही कारण है कि 25 साल तक MP रहने वाले और संसद में पार्टी के नेता रहे अधीर रंजन चौधरी को विधायकी लड़ाने की तैयारी में है। इसके अलावा दूसरा कारण यह भी है कि फिलहाल अधीर रंजन के पास कोई नेतृत्व नहीं है। ऐसे में पार्टी चाहती है कि वह इस विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए अपनी सीट के साथ-साथ दूसरी सीटों के लिए भी प्रचार-प्रसार और नेताओं का मर्गदर्शन करें।
26 साल बाद लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
बता दें, बहरामपुर के ‘रॉबिन हुड’ अधीर रंजन चौधरी पहली बार 1996 में मुर्शिदाबाद के नबग्राम से कांग्रेस विधायक चुने गए थे। इसके बाद 1999 में लोकसभा चुनावों तक विधायक रहे, लेकिन बहरामपुर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद बनने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 25 साल तक सांसद रहे। लेकिन, 2024 लोकसभा चुनाव में तृणमूल के यूसुफ पठान ने उनके गढ़ में उन्हें मात दी, तब वो अब विधानसभा चुनाव लड़ने की प्लानिंग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है, बहरामपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बहरामपुर विधानसभा क्षेत्र से उन्हें टिकट मिल सकता है, क्योंकि इस क्षेत्र में अधीर का काफी दबदबा रहा है। हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में यहां से भाजपा के सुब्रता मैत्रा ने बहरामपुर से जीत हासिल की थी।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 19 March 2026 at 21:39 IST