'जब तक एक भी BJP कार्यकर्ता जीवित है, बंगाल में बाबरी मस्जिद नहीं बनने देंगे', हुगली में अमित शाह की दहाड़
पश्चिम बंगाल में चल रहे चुनावी शोर के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर तीखे तेवर अपनाए हैं। राज्य में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा, उन्होंने 'बाबरी मस्जिद' के मुद्दे को लेकर कड़ा रुख अपनाया और कहा कि बंगाल में बाबरी मस्जिद नहीं बनने देंगे। पढे़ं पूरी खबर।
West Bengal Election: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने एक निलंबित पार्टी नेता को पश्चिम बंगाल में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मस्जिद बनाने की अनुमति दी है। बाबरी मस्जिद बनाने वाले इस दावे पर अमित शाह ने कड़ा रुख अपनाया और मुर्शिदाबाद का जिक्र भी किया।
क्या बोले अमित शाह?
अमित शाह ने जनसभा में हुमायूं कबीर के कथित बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि, 'ममता दीदी और उनके चेले हुमायूं कबीर बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने की बात कर रहे हैं। ममता दीदी, कान खोलकर सुन लो, यह बंगाल भारत की पवित्र भूमि है। जब तक भारतीय जनता पार्टी का एक भी कार्यकर्ता जिंदा है, हम बंगाल की धरती पर बाबरी मस्जिद कभी नहीं बनने देंगे।'
शाह ने राम मंदिर का किया जिक्र
गृह मंत्री ने बाबरी मस्जिद को लेकर कहा कि मैं जनता से सीधा संवाद करता हूं। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या वे बंगाल में बाबरी मस्जिद बनते देखना चाहते हैं। इस दौरान उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में गौरवशाली काम हुए हैं और बंगाल में भी बीजेपी सरकार आने के बाद घुसपैठ और तुष्टीकरण पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।
दीदी का समय अब समाप्त हो चुका- अमित शाह
अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार राज्य के युवाओं और उनके भविष्य की चिंता करने के बजाय केवल अपने राजनीतिक हितों को साधने में लगी है। शाह ने दावा किया कि 5 मई को परिणाम आने के बाद बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी और घुसपैठियों को न सिर्फ मतदाता सूची से बाहर किया जाएगा, बल्कि उन्हें बंगाल की सीमा से भी खदेड़ा जाएगा।
बंगाल में चुनावी पारा अपने चरम पर है। ऐसे में बाबरी मस्जिद के मुद्दे को उठाकर अमित शाह ने साफ किया है कि बीजेपी इस चुनाव में हिंदुत्व और राष्ट्रीय सुरक्षा के एजेंडे को सबसे आगे रखेगी। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर सिंडिकेट चलाने का आरोप भी लगाया, कहा कि दीदी का समय अब समाप्त हो चुका है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 24 April 2026 at 23:39 IST