West Bengal Election: पूरा बंगाल ममता बनर्जी की विदाई के लिए तैयार, एक-एक सीट जीतेंगे, 170 तक जाएंगे...', CM के गढ़ में गरजे अमित शाह

अमित शाह ने साफ शब्दों में कहा कि इस बार पूरे बंगाल से ममता बनर्जी की विदाई होने जा रही है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अब ममता बनर्जी को टाटा, बाय-बाय कर दो।

Follow :  
×

Share


Amit Shah Mamata Banerjee | Image: ANI

Amit Shah: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 से पहले एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का शंखनाद कर दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस बार पूरा बंगाल ममता बनर्जी की विदाई करने के लिए तैयार है।

शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के लिए पहुंचे अमित शाह ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर जगह पर एक ही आवाज है इस सरकार को बदल दो। ममता बनर्जी को बाय-बाय, टाटा कर दो।

ममता बनर्जी ने भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बनाया- शाह

उन्होंने आगे कहा, 'आज बंगाल की पूरी जनता, जो टोलाबाजी से त्रस्त है, तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गुंडई से त्रस्त है, महिलाओं की असुरक्षा से त्रस्त है, बिना रोकटोक घुसपैठ करके बंगाल की जनसांख्यिकी बदल रही है, इससे त्रस्त है। आए दिन बम धमाके-गोलीबारी से त्रस्त है, युवा बेरोजगारी से त्रस्त है और भ्रष्टाचार का इतना रिकॉर्ड ममता बनर्जी ने जो बनाया है, इससे भी त्रस्त है। पूरे बंगाल की जनता मांग कर रही है कि महान पश्चिम बंगाल के अंदर अब परिवर्तन होना चाहिए। पीएम मोदी के नेतृत्व में यहां भाजपा की सरकार बननी चाहिए। पश्चिम बंगाल की सीमा को सील करके पश्चिम बंगाल और देश भर से घुसपैठियों को चुन-चुन कर देश से बाहर निकालना चाहिए।'

'एक-एक सीट जीतेंगे, 170 तक जाएंगे'

अमित शाह ने आगे कहा, 'पूरा बंगाल ममता बनर्जी की विदाई करने के लिए तैयार है। मगर भवानीपुर वालों पूरे बंगाल में परिवर्तन करना आपके हाथ में है। ऐसा है एक-एक सीट करके जीतेंगे, 170 सीट तक जाएंगे तब परिवर्तन होगा। लेकिन मेरे पास एक शॉर्टकट है, अगर भवानीपुर वाले एक ही सीट जीता दें तो परिवर्तन अपने आप हो जाएगा।'

ममता बनर्जी पूरे बंगाल में भी हारेंगी- अमित शाह

उन्होंने कहा कि ‘हमारे शुभेंदु दा नंदीग्राम से लड़ना चाहते हैं। मैंने शुभेंदु दा से कहा था कि केवल नंदीग्राम ही नहीं बल्कि ममता बनर्जी के घर में जाकर उन्हें हराना है। ममता बनर्जी बंगाल में सरकार तो बना पाई थीं लेकिन ममता बनर्जी नंदीग्राम में शुभेंदु दा के सामने चुनाव हार गई थी। इस बार ममता बनर्जी पूरे बंगाल में भी हारेंगी और भवानीपुर में भी हारेंगी।’

शाह ने ममता बनर्जी को ललकारा

शाह ने ममता बनर्जी को ललकारते हुए कहा कि इस बार चुनाव के दौरान मैं 15 दिन बंगाल में रहूंगा। मैं यहां खासतौर पर शुभेंद्र अधिकारी के नामांकन के लिए आया हूं। उनकी जीत बंगाल में परिवर्तन की नींव रखेगी। बता दें कि शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। 

यह भी पढ़ें: 'बेशर्मी भरा और जान-बूझकर किया काम, सेंट्रल फोर्स तैनात करो...', बंगाल में जजों पर हमले को लेकर SC ने जताई नाराजगी; ममता सरकार को लगाई फटकार

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 2 April 2026 at 14:51 IST