"इतिहास रचेंगे...", उधयनिधि स्टालिन ने चेपाक-तिरुवल्लिकेनी से दाखिल किया नामांकन, बड़ी जीत का दावा

तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उधयनिधि स्टालिन ने चेपाक-तिरुवल्लिकेनी सीट से डीएमके उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। रोडशो के साथ पहुंचे उधयनिधि ने कहा, "इस बार इतिहास रचेंगे, हम जीतेंगे।" 2021 में उन्होंने 69,355 वोटों से जीत हासिल की थी।

Follow :  
×

Share


उधयनिधि स्टालिन ने चेपाक-तिरुवल्लिकेनी से दाखिल किया नामांकन | Image: ANI

तमिलनाडु मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के बेटे और राज्य के उपमुख्यमंत्री उधयनिधि स्टालिन ने गुरुवार को चेपाक-तिरुवल्लिकेनी विधानसभा क्षेत्र से द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। उधयनिधि इस सीट से मौजूदा विधायक भी हैं। नामांकन दाखिल करने के लिए वे रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय की ओर रोडशो के साथ पहुंचे।

नामांकन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उधयनिधि स्टालिन ने कहा, "हम इस बार इतिहास रचेंगे, हम निश्चित रूप से जीतेंगे। हमारे नेता तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में फिर से पद संभालेंगे।"

2021 के विधानसभा चुनाव में उधयनिधि स्टालिन ने पट्टाली मक्कल कट्ची (पीएमके) के उम्मीदवार ए.वी.ए. कसाली को 69,355 वोटों के भारी अंतर से हराया था। इस बार उनका मुकाबला अन्नाद्रमुक कट्ची (AIADMK) के उम्मीदवार अधिराजाराम से है।

DMK की लोकलुभावन घोषणाएं

नामांकन से एक दिन पहले बुधवार को उधयनिधि स्टालिन ने चुनावी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार लोगों को 8,000 रुपये के कूपन देगी, जिनसे वे टीवी, रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन जैसी घरेलू जरूरी चीजें खरीद सकेंगे। उन्होंने कहा कि पहले ही 10 लाख कॉलेज छात्रों को लैपटॉप वितरित किए जा चुके हैं। यह घोषणा AIADMK के रेफ्रिजरेटर देने के वादे का जवाब थी। इसके अलावा भी DMK ने कई बड़ी चुनावी घोषणाएं की हैं।

  • कलैग्नर मगलिर उरिमाई थोगाई को बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रति माह किया जाएगा, हर साल नए लाभार्थी जोड़े जाएंगे।
  • महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा जारी रहेगी।
  • मुख्यमंत्री नाश्ता योजना को कक्षा 8 तक बढ़ाया जाएगा।
  • महिलाओं को घरेलू सामान खरीदने के लिए 8,000 रुपये कूपन।
  • सालाना 5 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों को 10 लाख रुपये तक का मेडिकल कवर।
  • वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और 50 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं की पेंशन बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रति माह की जाएगी।

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में होंगे। वोटों की गिनती 4 मई 2026 को होगी। उधयनिधि स्टालिन का यह नामांकन डीएमके के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि चेपाक-तिरुवल्लिकेनी पार्टी का पारंपरिक गढ़ माना जाता है। पार्टी और उम्मीदवार दोनों ही भारी जीत का दावा कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: भारत की जनगणना कैसे काम करती है और यह क्यों महत्वपूर्ण है? 1.4 अरब से ज्यादा आबादी की होगी गिनती

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 2 April 2026 at 12:41 IST