Delhi Results: 'अहंकार और अराजकता की हार', दिल्ली चुनाव नतीजों पर अमित शाह का आया पहला रिएक्शन
दिल्ली चुनाव के नतीजों पर अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है... यह अहंकार और अराजकता की हार है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read
Delhi Election Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में BJP बड़ी जीत की ओर से बढ़ रही है। 27 सालों का वनवास खत्म करते हुए बीजेपी की सत्ता में वापसी होती दिख रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी इस बार बहुमत से बहुत दूर दिख रही है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दिल्ली चुनाव पर पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इसे अहंकार और अराजकता की हार बताया है।
चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक अबतक BJP और AAP को 4-4 सीटों पर जीत मिल गई है। वहीं, BJP फिलहाल 44 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, तो AAP 18 सीटों पर आगे चल रही है।
दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ- अमित शाह
दिल्ली चुनाव के नतीजों को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है... यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी जी के विकास के विजन पर दिल्लीवासियों के विश्वास की जीत है। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है।"
'दिल्ली अब आदर्श राजधानी बनेगी'
उन्होंने आगे लिखा, "दिल्लीवासियों ने बता दिया कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है। दिल्ली में मिली इस भव्य जीत के लिए अपना दिन-रात एक करने वाले बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को हार्दिक बधाई देता हूं। चाहे महिलाओं का सम्मान हो, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान हो या स्वरोजगार की अपार संभावनाएं, मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।"
केजरीवाल-सिसोदिया अपनी-अपनी सीट हारे
इस बार दिल्ली चुनाव के नतीजे से आम आदमी पार्टी के लिए जोर का झटका लगा है। AAP न सिर्फ सत्ता से दूर हो रही है। साथ ही साथ पार्टी के दिग्गज नेता अपनी सीट तक नहीं बचा पाए। खुद अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट खो बैठे हैं। BJP के प्रवेश वर्मा ने इस सीट से उन्हें करारी शिकस्त दी। इसके अलावा पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को भी जंगपुरा की ‘जंग’ BJP तरविंदर सिंह मरवाह ने मात दे दी। इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी सीट बचाने में कामयाब हुई। रमेश बिधूड़ी को उन्होंने कालकाजी से हरा दिया। इनके अलावा सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ भारती और सत्येंद्र जैन की भी हार हुई है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 8 February 2025 at 13:47 IST