अपडेटेड 18 March 2026 at 17:45 IST
Assam Elections 2026: 89 सीट पर लड़ेगी BJP... असम चुनाव के लिए NDA में सीट शेयरिंग पर लगी मुहर; टिकट को लेकर बड़ा अपडेट
Assam Election 2026: चुनावों से पहले बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच NDA ने घोषणा की है कि BJP असम में 89 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि असम गण परिषद (AGP) 26 सीटों पर और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
Assam Assembly Elections 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने असम में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे पर समझौता पक्का कर लिया है। इस समझौते के तहत, BJP असम में 89 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि असम गण परिषद (AGP) 26 सीटों पर और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
असम में 9 अप्रैल को वोटिंग
चुनाव आयोग ने राज्य में मतदान के लिए 9 अप्रैल और वोटों की गिनती के लिए 4 मई की तारीख तय की है। 126 विधानसभा सीटों में से बहुमत हासिल करने के लिए कम से कम 64 सीटों की जरूरत होगी।
बता दें, BJP ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री JP नड्डा के आवास पर अपने असम कोर ग्रुप की बैठक की थी। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और पार्टी नेता दिलीप सैकिया और BL संतोष मौजूद थे।
2021 के विधानसभा चुनावों में क्या हुआ था?
असम में 2021 में तीन चरणों में चुनाव हुए थे, जिसमें BJP और उसके सहयोगी दलों ने 126 विधानसभा सीटों में से 75 सीटों पर जीत हासिल की थी। तब BJP ने 60 सीटें जीती थीं, वहीं असम गण परिषद (AGP) ने 9 सीटें और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) ने 6 सीटें जीती थीं।
जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले महागठबंधन को मात्र 50 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। वहीं, अखिल गोगोई की रायजोर दल ने 1 सीट जीती। इस बार भी, असम में 126 सीटों वाली विधानसभा के लिए मौजूदा NDA सरकार और कांग्रेस के बीच मुकाबला देखने को मिलने वाला है।
NDA का सीट शेयरिंग फॉर्मूला
बता दें, असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है। क्योंकि बीजेपी ने अपने पुराने साथी बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) को वापस गठबंधन में शामिल किया है, जबकि UPPL ने इस बार अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
बताया जा रहा है, इस बार टिकट बंटवारे में कई नए चेहरों, महिलाओं और युवाओं को मौका दिया जा सकता है। वहीं, परिसीमन के कारण 10-12 मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की भी संभावना है। ऐसे में ये विधायक क्या रूख अपनाएंगे ये देखना दिलचस्प होगा। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
CEC की अहम बैठक आज
NDA में सीट शेयरिंग की घोषणा के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए आज नई दिल्ली में बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की अहम बैठक हो सकती है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष समेत नेता शामिल होंगे।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 18 March 2026 at 17:45 IST