'खड़गे को पार्टी से निकाल देना चाहिए, ऐसी गंदी टिप्पणी...', कांग्रेस अध्यक्ष के विवादित बयान पर बोले डिप्टी CM एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस अध्यक्ष के उस बयान की कड़े शब्दों में आलोचना कि जिसमें उन्होंने पीएम मोदी के पिता के लिए अपशब्द कहा था। शिंदे ने कहा,'खड़गे ने गलत कहा है। ऐसे में उनको पार्टी से निकालना चाहिए।'
- डिफेंस न्यूज
- 3 min read
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए विवादित बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने खड़गे को कांग्रेस पार्टी से बाहर करने की मांग भी की है। शिंदे ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के उस बयान का समर्थन किया जिसमें उन्होंने कहा कि जनतंत्र में कभी भी एक स्तर छोड़कर बात नहीं करनी चाहिए।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, “पृथ्वीराज चव्हाण बहुत समझदार नेता हैं। वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, इसलिए उन्होंने सही कहा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने गलत कहा है। ऐसे में मल्लिकार्जुन खड़गे को पार्टी से निकालना चाहिए।” शिंदे की यह टिप्पणी तब आई जब चव्हाण ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान से असहमति जताई और कहा कि खड़गे से गलती हुई है और उन्हें ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए थीं।
खड़गे को खुद पर शर्म आनी चाहिए-एकनाथ शिंदे
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री पर ऐसी गंदी टिप्पणी करते हैं, निचले स्तर का आरोप लगाते हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए। प्रधानमंत्री देश को आगे बढ़ा रहे हैं, गरीबों की मदद कर रहे हैं तो उनके पेट में दर्द हो रहा है। देश में ये लोग अराजकता फैला रहे हैं, देश में अशांति फैला रहे हैं। इनका उद्देश्य देश को तोड़ना है। ये लोग बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसी स्थिति यहां चाहते हैं लेकिन ये बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका नहीं बल्कि भारत है।"
राहुल गांधी पर भी बरसे डिप्टी सीएम
शिंदे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भी आलोचना की और उन पर देश के अंदर और विदेश में प्रधानमंत्री को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी विदेश जाकर प्रधानमंत्री को बदनाम करते हैं। वे देश के अंदर भी उन्हें बदनाम करते हैं। ये लोग देश में अशांति फैलाने का काम कर रहे हैं। हालांकि, शिंदे ने जोर देकर कहा कि भारत मजबूत है और बाहरी खतरों का जवाब देने में सक्षम है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 27 October 2026 at 23:35 IST