उज्बेकिस्तान में PM मोदी के साथ UPI ने भी मारी एंट्री, भारतीय पेमेंट सिस्टम वाला बना दुनिया का 11वां देश
UPI के एक ओर जहां भारत में 10 साल पूरे हो गए हैं और यह उज्बेकिस्तान में भी पहुंच चुका है। बता दें कि उज्बेकिस्तान 11वां देश होगा जहां UPI चलेगा। यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज़्बेकिस्तान यात्रा के दौरान की गई।
- बिजनेस न्यूज
- 2 min read
UPI के एक ओर जहां भारत में 10 साल पूरे हो गए हैं और यह उज्बेकिस्तान में भी पहुंच चुका है। बता दें कि उज्बेकिस्तान 11वां देश होगा जहां UPI चलेगा। यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज़्बेकिस्तान यात्रा के दौरान की गई। इससे भारतीय पर्यटक, कारोबारी और छात्र आसानी से एक क्यूआर के जरिए तत्काल सीमा-पार मर्चेंट भुगतान कर पाएंगे।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने बताया कि नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ़ इंडिया (NPCI) की इंटरनेशनल शाखा, NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) ने 30 अगस्त 2026 को उज़्बेकिस्तान के नेशनल पेमेंट सिस्टम 'HUMO' को चलाने वाली कंपनी नेशनल इंटरबैंक प्रोसेसिंग सेंटर JSC (NIPC) के साथ एक समझौता किया है।
मंत्रालय ने बताया कि इस पार्टनरशिप से भारतीय यात्री UPI ऐप्स का इस्तेमाल करके उज़्बेकिस्तान के नेशनल इंटरऑपरेबल QR कोड (UZQR) को स्कैन करके उज़्बेकिस्तान में मौजूद मर्चेंट को तुरंत पेमेंट कर सकेंगे।
RBI और CBU दोनों से मिली मंजूरी
गौरतलब है कि UPI को लेकर यह ऐलान दोनों देशों के फाइनेंशियल रेगुलेटर्स रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (RBI) और सेंट्रल बैंक ऑफ़ उज़्बेकिस्तान (CBU) से मिली औपचारिक मंजूरी के बाद किया गया है। इन रेगुलेटर्स ने क्रॉस-बॉर्डर मर्चेंट पेमेंट स्वीकार करने के लिए HUMO को NIPL का अधिकृत पार्टनर बनाया है।
CBU के यूनिफाइड नेशनल QR इंफ्रास्ट्रक्चर (UZQR) के साथ जुड़ने से, UPI यूज़र्स को उज़्बेकिस्तान में रिटेल, हॉस्पिटैलिटी और सर्विस सेक्टर के मर्चेंट्स समेत हर जगह पेमेंट करने की सुविधा मिलेगी।
विदेशी मुद्रा एक्सचेंज की समस्या होगी खत्म
अब से जब भारतीय पर्यटक यात्रा के लिए उज़्बेकिस्तान जाएंगे तो वहां अपने भारतीय बैंक अकाउंट से सीधे पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) पेमेंट कर सकेंगे। इससे पर्यटकों को यात्रा के दौरान विदेशी मुद्रा एक्सचेंज करने की समस्या भी खत्म होगी। इसके साथ ही विदेशी मुद्रा एक्सचेंज मार्कअप फीस से भी छूट मिलेगी। इतना है नहीं इंटरनेशनल कार्ड या कैश पर भी निर्भरता कम होगी।
कौन से देशों में हैं UPI
UPI अब तक सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका, कंबोडिया और ग्रीस समेत 10 देशों में शुरू हो चुका है जबकि अब उज्बेकिस्तान 11वां देश होगा जहां UPI चलेगा।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 31 August 2026 at 20:49 IST