अपडेटेड 12 November 2024 at 10:49 IST
रुपया शुरुआती कारोबार में अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.40 प्रति डॉलर पर
Early Trade: रुपया शुरुआती कारोबार में अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.40 प्रति डॉलर पर पहुंचा।
Early Trade: विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती से निवेशकों की धारणा प्रभावित होने के कारण रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में दो पैसे टूटकर अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.40 प्रति डॉलर पर आ गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि मध्यम अवधि में रुपये के 83.80 और 84.50 प्रति डॉलर के बीच कारोबार करने के आसार हैं क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक अपने मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार के दम पर इसमें कोई बड़ी गिरावट को सीमित रखने में सक्षम है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 84.39 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती सौदों के बाद अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.40 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले दो पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.38 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105.63 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71.65 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 2,306.88 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 12 November 2024 at 10:49 IST