India GDP : ट्रंप टैरिफ की टेंशन के बीच भारत को मिली अच्छी खबर, इकोनॉमी ने पकड़ी रफ्तार; पहली तिमाही में 7.8 रही GDP ग्रोथ रेट
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद में 7.8% की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है।
- बिजनेस न्यूज
- 2 min read
India GDP : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लगाए गए 50% टैरिफ की टेंशन के बीच भारत की इकोनॉमी ने रफ्तार पकड़ ली है। चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में GDP ग्रोथ रेट 7.8 फीसदी रही है, जबकि अनुमान 6.7 फीसदी का था। पिछले साल के समान तिमाही में GDP ग्रोथ रेट 6.5 फीसदी रही थी।
जून तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था उम्मीद से कहीं अधिक तेजी से 7.8% की वार्षिक दर से बढ़ी है। पिछली तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था 7.4% की दर से बढ़ी थी। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद में 7.8% की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। विश्व बैंक और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 में देश की अर्थव्यवस्था क्रमशः 6.3% और 6.4% की दर से बढ़ेगी।
वास्तविक GDP वृद्धि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 7.8% की वृद्धि दर्ज की गई है, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में 6.5% थी। कृषि और संबद्ध क्षेत्र (Agriculture and Allied Sector) में वास्तविक GVA वृद्धि दर 3.7% रही, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 1.5% थी। इन आंकड़ों का मतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर नहीं दिख रहा है। अमेरिका की ओर से लगाए गए 50% टैरिफ के बाद भी 5 तिमाहियों में यह सबसे ज्यादा है।
इस क्षेत्र ने किया निराश
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूत प्रदर्शन किया है, जिसमें वास्तविक जीडीपी 7.8% और जीवीए में 7.6% की वृद्धि देखी गई। मौजूदा रिपोर्ट बताती है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की गति वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत में अच्छी रही है। लेकिन खनन क्षेत्र में -3.1% और बिजली, गैस, जल आपूर्ति और अन्य उपयोगिता सेवा क्षेत्र में 0.5% ने थोड़ा निराश किया है।
कुल मिलाकर, यह डेटा भारत की अर्थव्यवस्था की सकारात्मक दिशा को दर्शाता है, जिसमें उपभोग और निवेश दोनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 29 August 2025 at 16:37 IST