अपडेटेड 1 February 2026 at 12:26 IST
Budget 2026: हम तीन कर्तव्यों से प्रेरित, SC-ST-गरीबों को फायदा मिले; विकसित भारत के विजन पर हम काम कर रहे हैं- निर्मला सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2026-27 का बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय बजट में सरकार के तीन मुख्य कर्तव्यों को बताया। उन्होंने कहा कि बजट में युवा शक्ति और विकास पर फोकस किया गया है।
Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज, रविवार को अपना 9वां बजट पेश कर रही हैं। वह सदन के पटल पर अगले साल का पूरा रोडमैप रख रही हैं। बजट भाषण में उन्होंने सरकार के तीन ‘कर्तव्य मंत्र’ बताए।
बजट भाषण की शुरुआत में वित्त मंत्री ने कहा कि वह माघ पूर्णिमा और गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर देश का बजट पेश कर रही हैं। सरकार वर्ष 2026-27 का बजट देश के सामने रख रही है।
देश विकसित भारत की ओर बढ़ रहा- सीतारमण
निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत विकसित भारत की ओर आत्मविश्वास से आगे बढ़ता रहेगा, जिसमें महत्वाकांक्षा और समावेश को संतुलित किया जाएगा। उन्होंने बढ़ती अर्थव्यवस्था और बढ़ते व्यापार और पूंजी की जरूरतों के साथ, भारत के वैश्विक बाजारों से जुड़ने की बात कही, जिसे कि निर्यात में वृद्धि हो और विदेशी निवेश आकर्षित हो सके।
तीन कर्तव्यों से सरकार प्रेरित- सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2026-27 के केंद्रीय बजट में सरकार के तीन मुख्य कर्तव्यों को बताया। उन्होंने कहा कि बजट में विशेष रूप से युवा शक्ति और विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है। साथ ही इसें गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के लिए सरकार के संकल्प को भी प्रमुखता से रखा गया है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह कर्तव्य भवन में तैयार किया गया पहला बजट है, इसलिए हम 3 कर्तव्यों से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा, 'पहला कर्तव्य है प्रोडक्टिविटी और कॉम्पिटिटिवनेस बढ़ाकर और अस्थिर ग्लोबल हालात का सामना करने की क्षमता बनाकर आर्थिक विकास को तेज करना और उसे बनाए रखना।'
उन्होंने आगे कहा कि 'दूसरा कर्तव्य हमारे लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना और उनकी क्षमता बढ़ाना, ताकि वे भारत की समृद्धि की राह में मजबूत भागीदार बन सकें।’
वित्त मंत्री कहती हैं, 'तीसरा कर्तव्य सबका साथ सबका विकास के विजन के साथ, यह सुनिश्चित करना है कि हर परिवार, समुदाय, क्षेत्र और सेक्टर को सार्थक भागीदारी के लिए संसाधनों, सुविधाओं और अवसरों तक पहुंच मिले।'
आर्थिक विकास में तेजी लाने के लिए 6 पहलें
केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करते हुए निर्मला सीतारमण ने आर्थिक विकास में तेजी लाने के लिए 6 प्रमुख क्षेत्रों में पहलों का प्रस्ताव किया। उन्होंने कहा, 'आर्थिक विकास को तेज करने और बनाए रखने के लिए मैं छह क्षेत्रों में दखल देने का प्रस्ताव करती हूं- 7 रणनीतिक क्षेत्रों में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ाना, पुराने औद्योगिक क्षेत्रों को फिर से जिंदा करना, चैंपियन MSME बनाना, इंफ्रा को बढ़ावा देना, लंबी अवधि की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना, साथ ही शहरी आर्थिक क्षेत्रों का विकास करना।'
निर्मला सीतारमण ने बनाया रिकॉर्ड
बता दें कि बजट 2026 के साथ ही निर्मला सीतारमण ने पीएम मोदी के कार्यकाल में लगातार 9वां बजट पेश करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस बार के बजट भाषण के साथ ही सीतारमण, अब तक सबसे ज्यादा बजट पेश करने वाले पूर्व वित्त मंत्री मोरारजी देसाई द्वारा अलग-अलग समयावधि में पेश किए गए 10 बजट के रिकॉर्ड के अत्यंत करीब पहुंच गईं। मोरारजी देसाई ने जवाहरलाल नेहरू और प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में वित्त मंत्री रहते हुए कुल 10 बजट पेश किए थे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 1 February 2026 at 11:37 IST