अपडेटेड 4 January 2026 at 12:29 IST

चेहरे पर कोई शिकन नहीं... अमेरिकी कैदी के रूप में जब न्यूयॉर्क पहुंचे निकोलस मादुरो तो उनके मुंह से निकला पहला वाक्य क्या था? VIDEO

Nicolas Maduro: न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का पहला वीडियो सामने आया है। इसमें उनके चेहरे पर कोई शिकन नजर नहीं आ रही। वो काफी शांत और मुस्कुराते दिखाई दिए।

Venezuelan President Nicolas Maduro's first words
निकोलस मादुरो का पहला वीडियो | Image: X

US Strikes Venezuela: वेनेजुएला पर हमला कर अमेरिकी सेना वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले आई है। मादुरो को यहां डिटेंशन सेंटर में रखा गया। इस बीच निकोलस मादुरो की एक झलक सामने आई है। वो हाथों में हथकड़ी लगाए अमेरिकी अधिकारियों से घिरे नजर आ रहे हैं। मादुरो के चेहरे पर इस दौरान शिकन नजर नहीं आई।

वीडियो में उन्हें 'हैप्पी न्यू ईयर' और 'गुड नाइट' जैसे शब्द कहते भी सुना जा सकता है। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मादुरो का सामने आया पहला वीडियो

वीडियो में देखा जा सकता है कि DEA के अधिकारी निकोलस मादुरो को पकड़कर ला रहे हैं। उनके हाथों में हथकड़ी लगी हुई है। वो इस दौरान काले रंग की हुडी वाली स्वेटशर्ट पहने नजर आ रहे हैं। नीचे फर्श पर "DEA NYD" का नीला कालीन बिछा है। मादुरो के अगल-बगल कई अधिकारी चल रहे होते हैं। इस बीच मादुरो काफी शांत नजर आए और मुस्कुराते हुए भी दिखाई दिए। वो वहां पर मौजूद लोगों को गुड नाइट कहते हैं और नए साल की बधाई देते हैं।  

डेल्सी रोड्रिगेज बनीं वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति

वहीं, वेनेजुएला में अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद देश के सुप्रीम ट्रिब्यूनल ऑफ जस्टिस (उच्चतम न्यायालय) ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया है। कोर्ट ने उन्हें सभी राष्ट्रपति अधिकारों का प्रयोग करने का आदेश दिया है।

Advertisement

यह फैसला राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अनुपस्थिति में लिया गया है, जिन्हें अमेरिकी बलों द्वारा गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले जाया गया है। कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उच्चतम न्यायालय की संवैधानिक पीठ ने शनिवार को यह आदेश जारी किया, जिसमें रोड्रिगेज को तत्काल प्रभाव से कार्यवाहक राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालने को कहा गया।

अमेरिका का वेनेजुएला पर हमला

2026 को शुरू हुए तीन दिन हुए हैं और अमेरिका ने वेनेजुएला पर ये बड़ा हमला कर दिया। यूएस ने वेनेजुएला की राजधानी काराकस के साथ मिरांडा, अरगुआ और ला गुइरा समेत कई शहरों में सेना के ठिकानों पर हवाई हमले किए। इतना ही नहीं अमेरिकी सेना ने वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को भी पकड़कर न्यूयॉर्क ले आई। अमेरिका के इस एक्शन की कई देशों ने निंदा की, जिसमें रूस, चीन, क्यूबा, ईरान जैसे कई देश शामिल हैं।

Advertisement

यह भी पढ़ें: सच होने लगी बाबा वेंगा की भविष्यवाणी? वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले से दुनियाभर में मची हलचल, 2026 में छिड़ेगा एक और विश्व युद्ध?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 4 January 2026 at 12:29 IST