'गलतफहमी है...हम तटस्थ नहीं', रूस-यूक्रेन जंग पर PM मोदी का बड़ा बयान; कहा- उम्मीद है राष्ट्रपति ट्रंप को...
PC में पीएम मोदी ने कहा कि बहुत से लोगों को भ्रम है कि भारत न्यूट्रल (तटस्थ) है। मैं साफ करना चाहता हूं कि भारत न्यूट्रल नहीं है। हमारा अपना एक पक्ष है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

PM Modi on Russia-Ukraine War: अमेरिका दौरे के दौरान PM मोदी ने व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच दोस्ताना माहौल में बातचीत हुई। बैठक के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने एक साथ मीडिया से भी बात की और तमाम मुद्दों पर अपने अपने विचार रखे। पीसी में रूस-यूक्रेन जंग पर पीएम मोदी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि लोगों को गलतफहमी है कि हम तटस्थ है। हम इस मुद्दे को लेकर तटस्थ नहीं है।
डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति पद की पीएम मोदी की ये उनके साथ पहली मुलाकात की। दोनों ग्लोबल लीडर इस दौरान द्विपक्षीय बैठक में कई मुद्दों पर बातचीत की।
'बहुत लोगों को भ्रम, हम न्यूट्रल हैं...'
द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रूस-यूक्रेन युद्ध को डी-एस्केलेट करने में भारत की भूमिका के बारे में पूछे गए सवाल का PM मोदी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, "आप जानते हैं मैं रूस और यूक्रेन दोनों के साथ संपर्क में रहा हूं। मैं खुद भी दोनों देशों के नेताओं से मुलाकात कर चुका हूं। बहुत से लोगों को भ्रम है कि भारत न्यूट्रल (तटस्थ) है। मैं साफ करना चाहता हूं कि भारत न्यूट्रल नहीं है। हमारा अपना एक पक्ष है और हमारा पक्ष है शांति।
मैंने इसी एक सिद्धांत को लेकर राष्ट्रपति पुतिन के सामने मीडिया से स्पष्ट रूप से कहा था कि ये युद्ध का समय नहीं है। आज भी मेरा दृढ़ विश्वास है कि युद्ध के मैदान में समस्याओं के समाधान नहीं निकलते हैं। अंत में वो वार्ता के टेबल पर ही निकलते हैं।
Advertisement
'राष्ट्रपति ट्रंप अपने प्रयासों में जल्द सफल हों...'
भारत का लगातार प्रयास रहा है कि दोनों लोग जिसमें मौजूद हो वैसे फॉरम में बातचीत होगी, तब कोई रास्ता निकलेगा। राष्ट्रपति ट्रंप जो प्रयास कर रहे हैं मैं उनका स्वागत करता हूं, समर्थन करता हूं और चाहता हूं कि राष्ट्रपति ट्रंप हो सके उतना जल्दी सफल हो जिससे दुनिया में शांति के रास्ते खुले।
तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण का बड़ा ऐलान
पीएम मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत-अमेरिका के बीच कई अहम समझौतों की जानकारी दी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मेरे प्रशासन ने भारत में न्याय का सामना करने के लिए 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के साजिशकर्ताओं में से एक (तहव्वुर राणा) के प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। वह न्याय का सामना करने के लिए भारत वापस जा रहा है।