न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर चाकू लेकर पहुंची महिला, 20 सेकंड के अंदर दो पर किया जानलेवा हमला; पुलिस ने मार दी गोली-VIDEO
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। एक महिला ने दो लोगों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बाद में पुलिस ने हमलावर को ढेर कर दिया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

न्यूयॉर्क शहर के टाइम्स स्क्वायर पर एक महिला अचानक चाकू लेकर पहुंच गई। हवा में चाकू लहराने के बाद महिला ने दो लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने महिला को काफी देर तक समझाया, मगर हथियार नहीं रखने पर पुलिस ने उसे गोली मारी दी, जिससे महिला की मौत हो गई। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है जो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी।
यह घटना न्यूयॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट के सब-स्टेशन के पास, 'वन टाइम्स स्क्वायर' बिल्डिंग के ठीक बाहर हुई। इसी बिल्डिंग में शहर का सालाना 'न्यू ईयर ईव बॉल ड्रॉप' सेलिब्रेशन होता है। यह न्यूयॉर्क की सबसे ज्यादा पर्यटकों वाली और पुलिस की कड़ी निगरानी वाली जगहों में से एक है। पुलिस ने बताया कि महिला ने शॉपिंग बैग से दो चाकू निकाले और एक 68 साल के आदमी के पेट में चाकू घोंप दिया। इसके तुरंत बाद उसने मुड़कर एक 32 साल की महिला के पेट में भी चाकू मार दिया।
चाकू लगने से एक महिला की मौत
महिला ने महज 20 सेकंड के भीतर दो लोगों को चाकू से घायल कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। मगर चाकू लगने से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, पुरुष की हालत स्थिर है। सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो वायरल हो रहे हैं। वीडियो में कम से कम 10 पुलिस अधिकारियों का एक समूह उस महिला के चारों ओर इकट्ठा दिखाई दे रहा है, जिसके हाथ में रसोई में इस्तेमाल होने वाले दो बड़े चाकू थे।
वीडियो में चाकू लहराती नजर आई महिला
वीडियो में दिख रहा है कि कम से कम एक अधिकारी ने उसे काबू करने के लिए टेजर (taser) का इस्तेमाल करने की कोशिश की, लेकिन उससे वह काबू में नहीं आई। इसके बाद महिला चाकू लहराते हुए तेजी से पुलिस अधिकारियों की ओर बढ़ती हुई दिखाई देती है। जैसे ही एक अधिकारी पीछे हटा, उसने और कम से कम दो अन्य अधिकारियों ने अपनी हैंडगन निकाल लीं और गोलियों की आवाज सुनाई दी।
Advertisement
पुलिस ने हमलावर महिला को किया ढेर
इसके बाद महिला जमीन पर गिर जाती है और एक अधिकारी उसे हथकड़ी पहना देता है। अधिकारी उसे सीधा लिटाते हैं और प्राथमिक उपचार (first aid) देते हैं। NYPD ने 7th एवेन्यू के एक हिस्से को बंद कर दिया और लोगों को उस इलाके से दूर रहने की चेतावनी दी। हमले के पीछे अब तक कोई स्पष्ट वजह पता नहीं चल पाई । पुलिस ने बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार चल रही थीं।