Mexico violence: मिलिट्री ऑपरेशन में मारा गया वांटेड ड्रग माफिया 'एल मेंचो', मैक्सिको में भड़की हिंसा; भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी
मेक्सिको की सेना ने मिलिट्री आपरेशन में लंबे समय से फरार चल रहे ड्रग माफिया 'एल मेंचो को ढेर कर दिया है। इधर उसकी मौत की खबर मिलते ही पूरे देश में हिंसा भड़क उठी है। हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read

मेक्सिको की सेना ने एक मिलिट्री आपरेशन में सबसे ताकतवर और लंबे समय से फरार चल रहे ड्रग माफिया 'एल मेंचो' (El Mencho) को मार गिराया। वह जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) के संस्थापक थे, जिसे अमेरिका और मेक्सिको दोनों देशों की मोस्ट वांटेड सूची में शीर्ष पर रखा गया था। रविवार को एक बड़े सैन्य अभियान के तहत टापालपा इलाके में चली घंटों मुठभेड़ में एल मेंचो को ढेर कर दिया। एल मेंचो की मौत के बाद पूरे मैक्सिको में हिंसा भड़क उठी है। उपद्रवियों ने शहर के कई हिस्सों में आगजनी की है। हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने भी अपनी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
मेक्सिको की रक्षा मंत्रालय ने ऑपरेशन की पुष्टि करते हुआ बताया कि पश्चिमी राज्य जलिस्को के टापालपा शहर में विशेष सैन्य बलों ने ऑपरेशन चलाया, जिसमें 'एल मेंचो' को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। उन्हें मेडिकल सुविधा के लिए मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस ऑपरेशन में CJNG के कम से कम चार सदस्य भी मौके पर मारे गए हैं।
'एल मेंचो' की मौत के बाद मैक्सिको में भड़की हिंसा
'एल मेंचो' की मौत की खबर फैलते ही पूरे देश में हिंसा भड़क गई है। CJNG के सदस्यों ने बदले की कार्रवाई शुरू कर दी। जलिस्को, ग्वाडलहारा, प्यूर्टो वालार्टा, मिचोआकन, गुएरेरो और अन्य राज्यों में सड़कों पर आगजनी की जा रही है। दर्जनों वाहन और दुकानें को भी फूंक दिया है। कैनकन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आईं, जहां लोग अपनी जान बचाकर भागते दिखे। कई इलाकों में फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं । सेना ने शहरों पर नियंत्रण कर लिया है, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। भारत सरकार ने भी अपने नागरिकों के लिए ए़वाइजरी जारी की है।
भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, “मेक्सिको में सभी भारतीय नागरिकों को प्यार: सुरक्षा ऑपरेशन और उससे जुड़ी सड़कें बंद करने और क्रिमिनल एक्टिविटी चल रही हैं, जलिस्को स्टेट (प्यूर्टो वालार्टा, चपाला और ग्वाडलहारा के इलाके), तमाउलिपास स्टेट (रेनोसा और दूसरी म्युनिसिपैलिटी के इलाके), मिचोआकन स्टेट, गुएरेरो स्टेट और नुएवो लियोन स्टेट के इलाकों में रहने वाले भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक वहीं रहना चाहिए। क्या करें: कानून लागू करने वाली एक्टिविटी वाले इलाकों से बचें। अपने आस-पास का ध्यान रखें। पनाह लें और अपने शेल्टर के बाहर गैर-ज़रूरी मूवमेंट कम से कम करें।”
Advertisement
मैक्सिको की राष्ट्रपति ने क्या कहा?
'एल मेंचो' पर अमेरिका ने 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम रखा था। उसकी मौत के बाद कार्टेल में सत्ता संघर्ष की आशंका जताई जा रही है, जिससे हिंसा और बढ़ सकती है। मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने इस ऑपरेशन की सफलता पर सेना और खुफिया एजेंसी की सराहना की है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर इलाकों में स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बड़े अपराधियों के मारे जाने के बाद गैंग छोटे समूहों में बंटकर और ज्यादा हिंसक हो सकते हैं। पिछले एक साल से डोनाल्ड ट्रंप मेक्सिको पर ड्रग तस्करी रोकने का दबाव बना रहे थे। ऐसे में एल मेंचो की मौत को बड़ी सफलता माना जा रहा है, लेकिन इसके बाद फैली हिंसा से ये भी साफ हो गया है कि चुनौती अभी खत्म नहीं हुआ है।