अपडेटेड 27 June 2024 at 10:46 IST

भारतीय मजदूर की मौत पर जॉर्जिया मेलोनी ने इटली की संसद में खाई कसम, बोलीं- ऐसी सजा मिलेगी कि...

भारत की ओर से सतनाम की मौत पर तुरंत एक्शन की मांग की गई थी। वहीं मजदूर के दर्दनाक अंत को लेकर इटली में भी विरोध प्रदर्शन भी खूब हो रहा था।

Giorgia Meloni:  इटली में 31 वर्षीय एक भारतीय मजदूर ने इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया। आरोप फार्म मालिक पर लगा जिसने उसका हाथ कटने के बाद सड़क पर छोड़ दिया था। रोम के निकट लाजियो में सब्जी के एक खेत में काम करते हुए सतनाम सिंह का हाथ भारी मशीन में आकर कट गया था। अब इस मौत को लेकर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने संसद में शोक व्यक्त किया।

इस घटना ने इटली ही हीं पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया। विरोध प्रदर्शन को दौर चल निकला और प्रदर्शनकारियों ने फार्म मालिक के खिलाफ कड़े कदम उठाने की मांग की। भारत ने भी इटली को जनभावनाओं से अवगत कराया।

मेलोनी ने जताया शोक

मेलोनी ने इतालवी संसद में इस मुद्दे को उठाया और मृतक मजदूर सतनाम सिंह के प्रति संवेदना व्यक्त की। मेलोनी ने सतनाम सिंह को "अमानवीय कृत्यों" का शिकार बताया। और कसम खाई की दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।  उन्होंने कहा, "ये अमानवीय कृत्य है। इतालवी लोग ऐसे नहीं हैं। मुझे उम्मीद है कि इस बर्बरता के लिए कड़ी सजा दी जाएगी।" सतनाम सिंह पंजाब से इटली गए थे। इटली मीडिया की मानें तो सिंह के मालिक एंटोनेलो लोवेटो ने उन्हें और उनकी पत्नी को एक वैन में बिठा उनके घर के नजदीक सड़क किनारे छोड़ दिया था।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया पूरा हाल

इतालवी समाचार एजेंसी ने घर के मालिक इलारियो पेपे के हवाले से बताया-, ''हमने सिंह की पत्नी की चीखें सुनीं, जो मदद के लिए पुकार रही थी फिर हमने एक लड़के को देखा, जो उन्हें अपनी बाहों में उठाकर घर के अंदर ले गया...हमें लगा कि वह उनकी मदद कर रहा है लेकिन फिर वह भी भाग गया।'' पेपे ने कहा, ''मैं उसके पीछे भागा और मैंने उसे वैन में चढ़ते हुए देखा और मैंने उससे पूछा कि क्या हुआ था और वह उसे अस्पताल क्यों नहीं ले गया।''

Advertisement

जिस पर उसने कहा- कि वह (सिंह) नियमित कर्मचारी के तौर पर पंजीकृत नहीं है...कटे हुए हाथ को फलों के डिब्बे में रखा गया था। सतनाम सिंह को डेढ़ घंटे तक इलाज नहीं मिला। उन्हें हवाई मार्ग से रोम के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बुधवार को उनकी मौत हो गई। लोवेटो पर अब आपराधिक लापरवाही और हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच चल रही है।

भारत ने की थी कार्रवाई की मांग

इससे पहले भारत ने भी सतनाम सिंह की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की थी। इटली में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा-  विदेश मंत्रालय में कांसुलर, पासपोर्ट, वीजा और प्रवासी भारतीय मामलों के सचिव मुक्तेश परदेशी ने विदेश में इतालवी नागरिक और प्रवासन नीतियां के महानिदेशक लुइगी मारिया विग्नाली को सतनाम सिंह की मौत पर भारत की गहरी चिंता से अवगत कराया है। दूतावास ने कहा, “जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। दूतावास ने कहा कि दूतावास मदद और शव को लाने के लिए सतनाम सिंह के परिवार के संपर्क में है।”

Advertisement

ये भी पढ़ें-इटली में कटा भारतीय मजदूर का हाथ, मालिक ने सड़क पर फेंका, तड़प-तड़पकर हुई मौत
 

Published By : Kiran Rai

पब्लिश्ड 27 June 2024 at 10:24 IST