नक्शे से मिट जाता ईरान और मिडिल ईस्ट, वो तो मैंने...मिडटर्म चुनाव में मिले जख्म के बाद ट्रंप का नया दावा, बोले- मौका मिला तो फिर होगा हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि अगर उन्होंने ईरान को परमाणु हथियार बनाने से नहीं रोका होता, तो आज इजरायल ही नहीं, पूरा मिडिल ईस्ट दुनिया के नक्शे पर मौजूद नहीं होता।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि अगर उन्होंने ईरान को परमाणु हथियार बनाने से नहीं रोका होता, तो आज इजरायल ही नहीं, पूरा मिडिल ईस्ट दुनिया के नक्शे पर मौजूद नहीं होता। ट्रंप ने यह बात अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखी। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ईरान पर फिर से सैन्य कार्रवाई करने के विकल्प पर विचार कर रहा है।
बता दें, ट्रंप का यह दावा ऐसे समय में सामने आया है, जब मिडटर्म चुनाव में खराब प्रदर्शन का ठीकरा ईरान युद्ध पर फोड़ा जा रहा है। जेडी वेंस से लेकर कई रिपब्लिकन नेताओं ने इस बात पर अपने बयान जारी किए हैं। हालांकि, ट्रंप ने भी इसे स्वीकार किया है लेकिन साथ ही कहा कि अगर उन्हें फिर से मौका मिला, तो वह ईरान पर हमला करने से नहीं रुकेंगे।
ट्रंप ने पोस्ट में क्या लिखा
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, "अगर मैंने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से नहीं रोका होता, तो आज इजरायल और वास्तव में पूरा मिडिल ईस्ट मौजूद नहीं होता। कोई इस बारे में बोलना नहीं चाहता, लेकिन हर कोई जानता है कि यह सच है।" ट्रंप लगातार ईरान के परमाणु कार्यक्रम को अपनी सरकार की बड़ी चिंता बताते रहे हैं। उनका दावा है कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई ने ईरान की परमाणु क्षमता को कमजोर किया है।
Advertisement
अमेरिका ने परमाणु हथियार को रोकने के आधार पर किया था ईरान पर हमला
अमेरिका और इजरायल लंबे समय से इस बात को कहते आ रहे हैं कि ईरान परमाणु हथियार बना रहा है। इस साल फरवरी में जब अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर हमला किया। उस वक्त भी उनका दावा यही था कि ईरान परमाणु हथियार बना रहा है। लेकिन अभी भी अमेरिका और इजरायल अपने इस कथित खतरे को पूरी तरह से हटा नहीं पाए हैं। दूसरी तरफ इस प्रयास का दुष्परिणाम इन दोनों देशों के नेताओं को देखने को मिल गया है। इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू की सत्ता से दूरी बढ़ती जा रही है, दूसरी तरफ ट्रंप भी मिडटर्म चुनाव हारकर अपनी सत्ता को कमजोर कर चुके हैं।
Advertisement
ईरान युद्ध के फैसले को बचा रहे डोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप का यह पोस्ट ईरान युद्ध के फैसले को लेकर हो रही आलोचना को रोकने की कवायद माना जा रहा है। जेडी वेंस से लेकर कई लोगों ने ट्रंप के ईरान युद्ध वाले फैसले को मिडटर्म चुनाव में हार की वजह बताया था। हालांकि, ट्रंप भी अपने फैसले को सही साबित करने में लगे हुए हैं। हालांकि, ट्रंप और उनकी टीम ने जिस लिए ईरान पर हमला किया था। उस मकसद के भी पूरा होने पर सवालिया निशान लगा हुआ है। दूसरी तरफ ईरान पर जाकर सीधा हमला बोल देने के लिए ट्रंप के यूरोपीय साथी भी अमेरिका से नाराज दिख रहे हैं।